शशिकांत डिकसेना, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की ने आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि शादी समारोह के दौरान एक युवक ने नाबालिग से छेड़छाड़ की, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरा मामला पसान थाना क्षेत्र के कोरबी चौकी इलाके का है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान आरोपी नरेंद्र ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़िता लोक-लाज और मानसिक प्रताड़ना से बेहद परेशान हो गई। बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव से क्षुब्ध होकर नाबालिग ने छिदिया नर्सरी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि मामले की जांच के बाद आरोपी नरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, अपहरण, छेड़छाड़ तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

