कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नाबालिग छात्रा ने अपनी सहेली के भाई पर अपहरण और दुष्कर्म जैसा गम्भीर आरोप लगाया है। पीड़िता आरोपी को भाई मानती थी और इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता अपनी वृद्ध दादी के साथ रहती

दरअसल यह मामला माधौगंज थाना क्षेत्र का है। पीड़िता अपनी वृद्ध दादी के साथ रहती है, जबकि उसके माता-पिता काम के सिलसिले में जयपुर में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोकेन्द्र विश्वकर्मा पीड़िता की सहेली का भाई है और इसी कारण उसका घर पर आना-जाना था,पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब आरोपी को यह पता चला कि वह दादी के साथ अकेली रहती है,तो उसने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी दादी को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा।

किराए के कमरे में दोबारा दुष्कर्म किया

पीड़िता के आरोप के मुताबिक 2 जून को आरोपी जबरन घर में घुसा और धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद वह लगातार उसे धमकाता रहा। वहीं 28 जून की रात आरोपी ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया और बाहर नहीं आने पर घर में घुसने की धमकी दी, डरी सहमी पीड़िता जैसे ही बाहर आई,आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर काल्पी ब्रिज कॉलोनी स्थित एक किराए के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया गया। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और माधौगंज थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी लोकेन्द्र विश्वकर्मा के खिलाफ अपहरण ,दुष्कर्म और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m