दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आजादपुर गांव निवासी गौरव उर्फ कालिया और लाल बाग निवासी विनय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। मुख्य आरोपी गौरव उर्फ कालिया ने पुराने विवाद का बदला लेने के मकसद से पूरी साजिश रची थी।

एडिशनल सीपी भीष्म सिंह के अनुसार, 12 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे थाना आदर्श नगर को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रोड नंबर-51 के पास स्थित मेट्रो पार्किंग स्थल पर पहुंची, जहां मेट्रो की दीवार के पास एक जला हुआ अज्ञात शव बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान नाबालिग के रूप में की गई। जांच में सामने आया कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। पुलिस के मुताबिक, पुराने विवाद का बदला लेने के मकसद से आरोपियों ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

नाबालिग मृतक भी मर्डर में रह चुका था शामिल

दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मिले नाबालिग के जले शव की पहचान बाद में विष्णु के रूप में हुई, जो जेलर वाला बाग, अशोक विहार फेज-II का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी को मृतक की बहन रोशनी का बयान दर्ज किया गया। उसने बताया कि विष्णु अगस्त 2025 में दीपक नामक युवक की हत्या के मामले में शामिल था, जिसके चलते उसे जुवेनाइल होम भेजा गया था। बाद में 31 जनवरी को वह जमानत पर रिहा हुआ था।

परिजनों के मुताबिक, हाल के दिनों में विष्णु काफी परेशान था। उसने घरवालों को बताया था कि आजादपुर निवासी गौरव उर्फ कालिया और उसके साथी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बताया गया कि 11 फरवरी को विष्णु घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर 17 फरवरी को आरोपी विनय को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की गई।

कालिया ने विष्णु की हत्या की बात स्वीकार की

पुलिस के अनुसार, आरोपी विनय ने पूछताछ के दौरान अपने साथी गौरव उर्फ कालिया के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव, मृतक दीपक का पड़ोसी था और उसे अपना चाचा मानता था। 11 फरवरी की रात करीब 10:45 बजे शराब पीने के दौरान विष्णु ने कथित रूप से दीपक की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और गौरव को भी जान से मारने की धमकी दी।

इससे गुस्से में आकर गौरव उर्फ कालिया ने अपने साथी विनय के साथ मिलकर विष्णु की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत दोनों ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m