कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में लग्जरी रूम न देने की बात पर होटल में फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कुणाल पटेल को गिरफ्तार करने के बाद उसका सार्वजनिक जुलूस निकाला, ताकि अपराधियों का खौफ खत्म किया जा सके।

लग्जरी रूम को लेकर चलाई थी गोली

पुलिस के अनुसार, घटना 22 जुलाई की है जब आरोपी कुणाल पटेल लॉर्डगंज इलाके के एक होटल में पहुंचा था। होटल में पसंदीदा और लग्जरी रूम न मिलने की बात पर उसका कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आरोपी ने पिस्टल निकालकर होटल परिसर में फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया था।

छोटू चौबे गैंग से जुड़ा है आरोपी, हथियार बरामद

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया आरोपी कुणाल पटेल कुख्यात ‘छोटू चौबे गैंग’ का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

गैंग के सरगना तक पहुंचने की तैयारी

मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उसकी कॉन्टैक्ट हिस्ट्री (संपर्क सूची) और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है, ताकि गैंग के सरगना और अन्य सक्रिय सदस्यों तक पहुंचा जा सके और शहर में उनके नेटवर्क का पूरी तरह से सफाया किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m