हेमंत शर्मा, इंदौर। दीपावली के मद्देनजर पुलिस की सख्ती के बीच कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया। बिचौली हप्सी रोड पर हॉट स्पॉट और शेडो एरिया में चेकिंग कर रही पुलिस ने पीली टी-शर्ट पहने लंबे बालों वाले युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते रोका। तलाशी ली गई तो उसके पास से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान दीप उर्फ दीपराज (21), निवासी अरावली परिसर, भूरी टेकरी, इंदौर के रूप में हुई है।

तलाशी में मिला हथियार

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात कनाड़िया पुलिस हॉट स्पॉट, शेडो एरिया और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिचौली हप्सी रोड पर एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू की गई।

हत्या के प्रयास सहित पहले से 3 आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं। कनाड़िया थाने में उसके खिलाफ वर्ष 2025 में दो प्रकरण दर्ज हुए थे।

  • अपराध क्रमांक 186/2025 – मारपीट और धमकी सहित अन्य धाराएं।
  • अपराध क्रमांक 302/2025 – हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराएं।
  • अपराध क्रमांक 840/2026 – अवैध हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट।

कट्टा कहां से आया, किससे जुड़ा है नेटवर्क? जांच

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और वह इसे किस उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। हथियार की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि समय रहते युवक को पकड़ लिया गया, अन्यथा किसी गंभीर वारदात की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। हालांकि, आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था या नहीं, इसकी जांच जारी है। दीपावली से पहले अवैध हथियारों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी के बीच यह गिरफ्तारी अहम मानी जा रही है। अब जांच का बड़ा सवाल यही है कि 21 साल के युवक तक अवैध कट्टा पहुंचा कैसे और इसके पीछे कोई हथियार सप्लाई करने वाला नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m