Dharm Desk – आज 15 जून का दिन ज्योतिष और धार्मिक दृष्टि से बेहद खास है, क्योंकि आज सूर्यदेव वृषभ राशि से निकलकर मिथुन राशि में प्रवेश कर रहे है. यह परिवर्तन दोपहर 12:53 मिनट पर होगा. ये गोचर मिथुन संक्रांति कहलाता है, जो लोगों के जीवन, करियर और मौसम पर सीधा प्रभाव डालने वाला है. संक्रांति का पुण्यकाल दोपहर 12:59 बजे से शाम 7:20 बजे तक रहेगा, जबकि महापुण्यकाल 12:59 से 3:19 बजे तक का है.

मिथुन संक्रांति पर ग्रहों की स्थिति भी होगी खास
सूर्य आत्मविश्वास, प्रतिष्ठा, नेतृत्व और सरकारी कार्यों का कारक ग्रह है. वहीं मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं. जो बुद्धि, संवाद और व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं. ऐसे में सूर्य का मिथुन में प्रवेश लोगों की सोच, निर्णय क्षमता, नेटवर्किंग और संचार कौशल को प्रभावित करेगा. इस दौरान यात्रा, शिक्षा और व्यापार से जुड़े मामलों में तेजी देखने को मिल सकती है. संक्रांति के समय ग्रहों की स्थिति भी खास है. सूर्य, चंद्र और बुध मिथुन में रहेंगे, जबकि मंगल मेष में, गुरु और शुक्र कर्क में, शनि मीन में, राहु कुंभ में और केतु सिंह राशि में स्थित रहेंगे. चंद्र और बुध की युति मिथुन में हलचल और मानसिक चंचलता बढ़ा सकती है.
इन राशियों को होगा लाभ
- मिथुन राशि वालों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण रहेगा. व्यक्तित्व में निखार, आत्मविश्वास में वृद्धि और नई जिम्मेदारियां मिलने के योग बन रहे हैं. हालांकि स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा.
- सिंह राशि वालों के लिए यह समय लाभकारी रहेगा, आय में वृद्धि और इच्छाओं की पूर्ति के संकेत हैं.
- तुला राशि वालों को भाग्य का साथ मिलेगा, शिक्षा, धर्म और यात्रा के योग बनेंगे.
- कन्या राशि वालों के लिए करियर में उन्नति, पद और सम्मान मिलने के प्रबल संकेत हैं.
इन राशियों को सतर्क रहने की जरूरत
कुछ राशियों को सतर्क रहने की जरूरत है. वृषभ राशि के जातकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं परेशान कर सकती हैं. कर्क राशि वालों की कार्यक्षमता में कमी आ सकती है. वृश्चिक राशि के लोगों को पारिवारिक तनाव और मानसिक अशांति का सामना करना पड़ सकता है. धनु राशि के लिए जोखिम भरा समय है, आर्थिक नुकसान की आशंका है. कुंभ राशि वालों के बिजनेस में रुकावट आ सकती है. जबकि मीन राशि के जातकों को आंखों से जुड़ी परेशानी हो सकती है.

