रेवाड़ी नगर परिषद के आगामी चुनावों को लेकर रविवार को चुनावी सरगर्मियां तेज रहीं। विधायक लक्ष्मण यादव ने भाजपा की चेयरपर्सन और पार्षद प्रत्याशियों के विभिन्न वार्डों में कार्यालयों का शुभारंभ किया।
धनेश, रेवाड़ी। नगर परिषद के 10 मई को होने वाले आम चुनाव के लिए रविवार का दिन प्रचार अभियान के नाम रहा। धार्मिक यात्रा से लौटते ही रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। उन्होंने भाजपा की चेयरपर्सन प्रत्याशी विनीता पीपल और विभिन्न वार्डों के पार्टी प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया। अधिकांश समय विधायक ने रिबन काटने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने में बिताया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ समर्थकों ने उनका स्वागत किया, जिससे शहर का सियासी पारा चढ़ गया है।

भाजपा ने दिखाई मज़बूत घेराबंदी
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली की मौजूदगी में विधायक ने वार्ड-7, 13, 25, 29, 27, 26 और वार्ड-9 में चुनावी कार्यालयों का श्रीगणेश किया। विशेष रूप से वार्ड 29 के प्रत्याशी त्रिलोक चंद के कार्यालय का उद्घाटन श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज के पास किया गया। इसी तरह वार्ड 22 में देवेंद्र कुमार शर्मा और वार्ड 7 में चेतराम सैनी के कार्यालयों का भी शुभारंभ हुआ। इन कार्यक्रमों के दौरान विधायक लक्ष्मण यादव ने कार्यकर्ताओं को ‘कमल’ के निशान वाले प्रत्याशियों को जिताने के लिए जी-तोड़ मेहनत करने का मूल मंत्र दिया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास कार्यों के आधार पर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
बदलाव की उम्मीद के साथ मैदान में डॉ. मीनू
भाजपा की घेराबंदी के बीच निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। चेयरपर्सन पद की निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. मीनू डहीनवाल ने कंकर वाली रोड स्थित करंट बालाजी मंदिर के पास अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। महिला टीम द्वारा किए गए स्वागत के बीच उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि रेवाड़ी की जनता अब समस्याओं से छुटकारा चाहती है। उन्होंने दावा किया कि 10 मई को शहर का प्रत्येक नागरिक बदलाव के पक्ष में मतदान करेगा। चुनावी दफ्तरों के खुलने के साथ ही अब उम्मीदवारों का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है, जिससे मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।

