सुप्रिया पांडेय, रायपुर। ‘विनाश VS विकास’ पोस्टर को लेकर बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने इतनी घोषणाएं कीं, जिन्हें वह पूरा नहीं कर पाई, वहीं बीजेपी की सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को पूरा किया है.

यह भी पढ़ें : Congress Sugar March : शक्कर के बढ़ते कीमतों के विरोध में कांग्रेस करेगी ‘चीनी सत्याग्रह’, PCC चीफ ने कहा- जनता से 36 हजार करोड़ वसूल चुकी सरकार

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा में कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 500 रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन वह राशि नहीं दे पाए. हमारी सरकार महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये प्रतिमाह दे रही है. कांग्रेस जो कहती है, उसे कर नहीं पाती. जबकि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है.

उन्होंने कहा कि माता-बहनों का जो सम्मान करेगा, वही देश में राज करेगा. नारी को जहां सम्मान मिलता है, वहां देवता भी अपना आशीर्वाद देते हैं. कांग्रेस की सरकार थी, तब एक नंबर का पैसा सरकारी खजाने में और दो नंबर का पैसा उनकी जेब में जाता था. कांग्रेस स्वार्थी सरकार थी, जो जेब भरो राज करो का काम करती थी.

वहीं बस्तर में कांग्रेस की ट्रेनिंग को लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस सबकुछ करना चाहती है, कभी आवेदन बुला रही है, तो कभी इंटरव्यू कर रही है. प्रदेश अध्यक्ष आपसी विवाद के चलते कार्यकारिणी की घोषणा तक नहीं कर पा रहे हैं. राहुल गांधी ऐसी ट्रेनिंग दे रहे हैं कि आने वाले समय में कांग्रेस के भ्रष्टाचार का कद बढ़ता रहे. आने वाले समय में छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुक्त दिखाई देगी.

बस्तर-सरगुजा पर कांग्रेस के फोकस पर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस बताए, क्या उसने कभी आदिवासी मुख्यमंत्री बनाया? क्या आदिवासी को प्रधानमंत्री बनाया? इंदिरा गांधी के समय से गरीबी दूर करने की बात होती रही, लेकिन गरीबी पूरी तरह दूर नहीं हो सकी. आज भाजपा की सरकार आदिवासियों, गरीबों और महिलाओं की चिंता कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में जो कायाकल्प किया है, उसका स्वागत होना चाहिए.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m