मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रुदौली विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक रामचंद्र यादव ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान विधायक ने क्षेत्र की ट्रैफिक समस्याओं, श्रद्धालुओं की सुविधा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से जुड़े 4 प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा. मुलाकात के दौरान विधायक ने NH-27 पर अयोध्या-बाराबंकी सीमा पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह द्वार स्वागत का प्रतीक बनेगा और धार्मिक नगरी की पहचान को और मजबूत करेगा.
इसके साथ ही विधायक ने भेलसर ओवरब्रिज के दोनों ओर बनी दीवारों को हटाने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि इन दीवारों के कारण स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, जिसे दूर किया जाना बेहद जरूरी है. विधायक रामचंद्र यादव ने मां कामाख्या धाम में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण समारोह के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया.
इसे भी पढ़ें : BRICS Summit 2026 : BRICS की साझा घोषणा अच्छी, लेकिन चीन से विवाद भी सुलझे- मायावती
वहीं, कौशलपुरी कॉलोनी और संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) के पास अंडरपास निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई. विधायक ने कहा कि इस क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, अंडरपास बनने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी.मुलाकात के बाद विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र के विकास और श्रद्धालुओं व आमजन की सुविधा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने केंद्रीय मंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने की बात कही.



