रेणु अग्रवाल, धार। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक और प्रखर हिंदूवादी नेता रामेश्वर शर्मा आज धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे। यहां उन्होंने मां वाग्देवी (सरस्वती) मंदिर में दर्शन-पूजन किया और आरती में शामिल हुए। इस दौरान भोजशाला परिसर में तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भोजशाला का खंभा-खंभा चीख-चीखकर गवाही दे रहा है कि यह एक हिंदू मंदिर है।

‘खिलजी से लेकर अब तक मंदिर खंडित करने के षड्यंत्र हुए’

विधायक रामेश्वर शर्मा ने धार के हिंदू समाज की सराहना करते हुए कहा- भोजशाला की यह भव्य और दिव्य इमारत मां सरस्वती का पावन मंदिर है। इस पवित्र मंदिर को खंडित करने का षड्यंत्र अलाउद्दीन खिलजी के समय से लेकर अभी तक कई लोगों द्वारा लगातार किया जाता रहा। मैं धार के हिंदुओं को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं कि उन्होंने इस संघर्ष को 700 साल तक जिंदा रखा। उन्होंने सड़कों पर लड़ाई भी लड़ी और न्यायपालिका का दरवाजा भी खटखटाया। ऐतिहासिक तथ्यों और सत्य को स्वीकार करते हुए हिंदुओं के पक्ष में निर्णय दिया है।

मुस्लिम समाज सच स्वीकारे

रामेश्वर शर्मा ने मुस्लिम समुदाय से अपील की। मैं मुसलमान भाइयों से अपील करना चाहूंगा कि वे थोड़ा समझें, इतिहास के तथ्यों और सत्य को स्वीकार करें। यह राजा भोज द्वारा बनाया गया मां सरस्वती का भव्य और दिव्य मंदिर है। वे इस भोजशाला को हिंदुओं को सौंप दें और आपस में गले मिलें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में यह भी जोड़ा कि यदि ऐसा नहीं हुआ, तो धार के हिंदुओं से देश का हर हिंदू प्रेरणा लेगा। पूर्वजों द्वारा इतिहास में की गई गड़बड़ियों का परिणाम उन सभी स्थानों पर दिखाई देगा।

धार में बनेगा ‘सरस्वती लोक’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा धार में ‘सरस्वती लोक’ बनाने की घोषणा का स्वागत करते हुए विधायक ने कहा कि सरकार इस पावन धरा के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजा भोज की इस ऐतिहासिक राजधानी और कर्मस्थली में संस्कृति व सभ्यता को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे।

इंग्लैंड से वापस लाएंगे प्रतिमा

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मां वाग्देवी की जो मूल प्रतिमा वर्तमान में इंग्लैंड (ब्रिटिश म्यूजियम) की धरती पर है, उसे आज नहीं तो कल भारत की भूमि पर वापस लाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रतिमा को वापस लाकर धार के इसी पवित्र मंदिर में स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद पूरा मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया भर के सनातनी यहां आकर मां की आराधना कर सकेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m