Bihar News: बिहार समेत चार राज्यों में हुए एमएलसी (MLC) चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल बुधवार (29, अक्टूबर) को सोशल मीडिया एक्स’ (X) पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि, चार बड़े राज्यों (उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक) की 28 एमएलसी सीटों पर चुनाव बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराए गए थे, और पूछा कि इसमें कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं? पीएम मोदी के इस टिप्पणी को लेकर अब सियासी प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई हैं।
राहुल गांधी की राजनीतिक जमीन बंजर- संजय सरावगी
पीएम मोदी के इस टिप्पणी पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठीक कहा है और कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उन्होंने सामने खोलकर रख दिया है, जो कांग्रेस दिन रात ईवीएम है, वोट चोरी का फर्जी राग गाती थी। अभी चार राज्यों में एमएलसी (MLC) के चुनाव में लगभग-लगभग कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया है।
संजय सरावगी ने कहा कि, यह तो बैलेट पर वोट हुआ, पढ़े लिखे लोगों ने, समाज के जागरूक लोगों ने, शिक्षकों ने वोट किया। इसलिए राहुल गांधी की तथाकथित राजनीति जमीन पूरी तरह बंजर हो चुकी है। आम जनता का विश्वास कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन से उठ चुका है इसीलिए ये लोग केवल बहाना बाजी करते हैं, ये जीते तो लोकतंत्र की जीत और हारे तो चुनाव आयोग पर आरोप लगाना, ईवीएम पर आरोप लगाना। अभी तो बैलेट पर चुनाव हुआ चार राज्यों में और इनका लगभग-लगभग सुपड़ा साफ हो गया।
जनता ने कांग्रेस को सब जगह से नकार दिया- संजय झा
वहीं, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पीएम मोदी की इस टिप्पणी पर कहा कि, प्रधानमंत्री ने सही बात कहा है। क्योंकि 28 सीट पर चुनाव हुआ और 16 सीट पर NDA जीती है और इस चुनाव में कांग्रेस का क्या हाल रहा है? ये सबको पता है। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी ने सही प्रश्न पूछा है कि ये तो बैलेट पर चुनाव हुआ था, तो जनता ने कांग्रेस को सब जगह से नकार दिया है। तो इसका आरोप अब आप (कांग्रेस) किसको दोगे? ये चुनाव बैलेट पर हुआ और जनता ने आपको पूरी तरह से नकार दिया है। तो इनका कुछ है, नहीं ये हम सब जानते हैं।
कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने क्या कहा?
MLC चुनाव नतीजों पर PM मोदी के ट्वीट को लेकर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि, प्रधानमंत्री को बरगलाने की आदत रही है। यह बैलेट बॉक्स का चुनाव जरूर है, लेकिन यह प्रेफरेंशियल वोट है। एक वोट को तीन-तीन बार गिना जाता है, तब इसका परिणाम आता है और बैलेट बॉक्स से चुनाव में जो जिसने वोट डाल दिया, उसकी गिनती उसी समय हो जाती है। तो इस तरह के चुनाव की मांग हम नहीं कर रहे थे। ये तो पैसे का चुनाव है। ऐसे चुनाव को बंद कर देना चाहिए।
कांग्रेस को एक सीट पर मिली है जीत
बता दें कि चार राज्यों की 28 सीटों पर हुए एमएलसी (MLC) चुनाव में कांग्रेस ने महज एक सीट पर जीत मिली है। महाराष्ट्र की नागपुर स्नातक सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत वंजारी को यह जीत मिली है। उन्होंने इस सीट पर बीजेपी के सुधाकर कोहले को मात दी।
ये भी पढ़ें- लगातार चौथीं बार जीते नीरज कुमार, ललन सिंह से मिलने से इनकार, कहा- धनबल-बाहुबल मेरी हिम्मत नहीं तोड़ सकता

