गुरुग्राम। उद्योग विहार फेस-3 में मोबाइल फोन चोरी कर PhonePe के जरिए बैंक खाते से हजारों रुपये निकालने के मामले में उद्योग विहार थाना पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी कर PhonePe के जरिए खाते से रकम निकालने की बात कबूल की है।

21 जनवरी को चोरी हुआ था मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 11 मार्च 2026 को थाना उद्योग विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 जनवरी को उद्योग विहार फेस-3 स्थित उसकी चाय की रेहड़ी से मोबाइल फोन चोरी हो गया था। बाद में जब उसने नई सिम ली तो उसे पता चला कि उसके मोबाइल में चल रहे PhonePe ऐप के जरिए बैंक खाते से 53,400 रुपये निकाले जा चुके हैं।

पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को पकड़ा

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 5 अक्टूबर को श्याम (18), निवासी कापसहेड़ा, दिल्ली को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ।

चाय की रेहड़ी पर साथ काम करता था आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी श्याम शिकायतकर्ता के साथ ही चाय की रेहड़ी पर काम करता था। जब शिकायतकर्ता किसी काम से रेहड़ी से दूर गया, तभी आरोपी ने उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। मोबाइल में पहले से PhonePe ऐप चल रहा था, जिसका इस्तेमाल कर आरोपी ने बैंक खाते से रकम निकाल ली।

52 हजार रुपये कैश बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब मामले में चोरी की गई बाकी रकम और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।