सोनू वर्मा, नूंह। जिले के उपमंडल पुनहाना के अंतर्गत आने वाले बिछोर गांव में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मोबाइल बदलने के एक मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने दुकानदार के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूट लिए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पैसे लौटाने के बावजूद किया हमला

पीड़ित दुकानदार अतुल ने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल को एक युवक उसकी दुकान से मोबाइल लेकर गया था। कुछ देर बाद वह मोबाइल बदलने की जिद करने लगा। विवाद से बचने के लिए अतुल ने ग्राहक के पैसे वापस कर मोबाइल ले लिया। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। शाम करीब 5 बजे रोबिन, बोयल, वक्की और अनीस समेत 7-8 हमलावर हथियारों के साथ अतुल की दुकान और घर पर धमक पड़े।

मां को भी नहीं बख्शा, बेहोश होने तक पीटा

आरोपियों ने अतुल पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर घाव आए हैं। जब अतुल की मां उसे बचाने आई, तो हमलावरों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। शोर मचने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिन्हें देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

दुकान से नकदी और मोबाइल पार

पीड़ित के अनुसार, हमलावर जाते-जाते दुकान के गल्ले से 15 से 20 हजार रुपये की नकदी और 4 कीमती मोबाइल फोन भी लूट ले गए। हमले की यह पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।

दो दिन में दूसरी बड़ी वारदात से गांव में दहशत

बिछोर गांव में पिछले 48 घंटों में यह दूसरी हिंसक घटना है। इससे पहले भी पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला हुआ था, जिसमें महिलाएं और बच्चे घायल हुए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। सभी घायलों का इलाज नलहड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पुलिस का क्या है कहना?

जांच अधिकारी योगेश ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई थी। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन अभी तक कोई पक्ष नहीं पहुंचा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m