मोहाली. मोहाली में AAP की महिला पार्षद के पति को एक बार फिर से धमकी मिली है. खबर है कि
विदेशी नंबरों से फोन कर 2 करोड़ रुपये की मांग की गई है. रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. इस मामले में अहम बात ये है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया.

पीड़ित के अनुसार, 4 अक्टूबर को वह मोहाली के फेज-9 स्थित हॉकी स्टेडियम में मैच देखने गए हुए थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई. उन्होंने पहली कॉल रिसीव करने के बजाय काट दी. कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया. कुछ मिनट बाद उनके बेटे के मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले ने पहले पूछा कि क्या वह आम आदमी पार्टी की पार्षद का बेटा बोल रहा है. बेटे के हां कहने पर आरोपी ने कहा कि उसका पिता बार-बार फोन काट रहा है. इसके बाद फोन करने वाले ने खुद की पहचान लॉरेंस गैंग से जुड़े आरजू के रूप में बताई और परिवार को 2 करोड़ रुपये तैयार रखने की धमकी दी. आरोपी ने साफ यह भी कहा कि रकम नहीं दी गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा.

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी मौजूदा समय में पार्षद हैं. वह अपनी पत्नी के राजनीतिक और अन्य कामकाज की जिम्मेदारी संभालते हैं. एयरपोर्ट रोड पर गांव बलियाली के इलाके में उनकी पुश्तैनी जमीन है. इसकी देखरेख वह अपने बेटे के साथ मिलकर करते हैं. पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने, रंगदारी मांगने और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.