India vs Sri Lanka Warm up Match: श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियों को परखने के लिए श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला खेला। नॉन्डस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले गए इस अभ्यास मैच का अंत बेहद रोमांचक रहा, जहां टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की।

मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय टीम के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 207 रनों का लक्ष्य था। दिन का खेल खत्म होने में जब आखिरी ओवर बचा था, तब भारत को जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी। क्रीज पर मौजूद तेज गेंदबाज डीएसपी मोहम्मद सिराज ने इस मौके पर अपने बल्ले का दम दिखाया और लगातार तीन छक्के जड़कर टीम इंडिया को रोमांचक जीत दिला दी।

आखिरी ओवर में सिराज का तूफानी अंदाज

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन की ओर से आखिरी ओवर स्पिन गेंदबाज केशरा नुवंता ने डाला। सिराज ने पहली ही गेंद पर पैर हटाकर काऊ कॉर्नर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया।

दूसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर थी, जिसे सिराज ने भी सीधे छक्के के लिए भेज दिया। इसके बाद तीसरी गेंद पर उन्होंने मिडविकेट के ऊपर से एक और छक्का लगाकर भारत की जीत पक्की कर दी।

देखें वायरल VIDEO

भारत के जीतने के बावजूद आखिरी ओवर की बाकी गेंदें भी फेंकी गईं। इसकी वजह यह थी कि मुकाबला अभ्यास मैच था और टीमों को पूरे मैच का अभ्यास देने के लिए ओवर पूरा कराया गया।

आपकों बता दें कि मोहम्मद सिराज क्रिकेट के अलावा हैदराबाद में मानद डीएसपी (DSP) के पद से भी जुड़े हुए हैं। इसलिए उन्हें भारतीय फैंस DSP सिराज कहते है।

श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने किया बल्ला चेक

मोहम्मद सिराज के लगातार तीन छक्कों के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के चेहरे पर भी मुस्कान नजर आई। सिराज ने 15 गेंदों में नाबाद 32 रन की पारी खेली, जिसमें चार छक्के और एक चौका शामिल रहा।

मुकाबला खत्म होने के बाद श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के कुछ खिलाड़ी सिराज के पास पहुंचे और उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की सराहना की। इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में सिराज का बल्ला भी चेक किया, मानो यह देखने की कोशिश कर रहे हों कि आखिर इस बल्ले में ऐसा क्या है, जिससे उन्होंने आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के जड़ दिए।

कप्तान शुभमन गिल की वापसी से राहत

इस अभ्यास मैच के आखिरी दिन भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्लेबाजी के लिए उतरना भी टीम के लिए राहत की खबर रही। गिल उंगली में चोट के कारण मुकाबले के पहले दो दिन मैदान से बाहर रहे थे।

तीसरे दिन गिल ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत की और 44 रन बनाए। वहीं, पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने वाले यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में शानदार वापसी करते हुए 61 रन की पारी खेली।

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम

गौरतलब है कि इस अभ्यास मैच से भारतीय टीम को कई सकारात्मक संकेत मिले हैं। खास तौर पर गिल की बल्लेबाजी में वापसी और निचले क्रम के बल्लेबाजों का मुश्किल समय में उपयोगी योगदान। साथ ही गेंदबाजों ने भी दूसरी पारी में बेहतर प्रदर्शन किया।

अब टीम इंडिया का पूरा फोकस श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर रहेगा। सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में होगा। अभ्यास मैच में मिली जीत के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास के साथ टेस्ट सीरीज की शुरुआत करना चाहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H