MP Morning News : संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। आज डॉ मोहन कैबिनेट की बैठक भी होगी। जिसमें कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी। वहीं विधानसभा सत्र को लेकर कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई है।
CM के आज के कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे जगदीशपुर के लिए रवाना होंगे। जगदीशपुर में प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। कैबिनेट बैठक के बाद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि का सिंगल क्लिक के जरिए वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 10.54 लाख किसानों के खातों में 1460.25 करोड़ की राशि अंतरित करेंगे। जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट में किसानों को राशि अंतरित की जाएगी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अब तक 30,942.34 करोड़ रुपये का भुगतान प्रभावित कृषकों को किया गया। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे प्रेस वार्ता में शामिल होंगे। दोपहर 2:45 बजे बलराम कृषि महोत्सव (झाबुआ) में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता करेंगे। दोपहर 3:20 बजे निवास आगमन होगा। शाम 5:00 बजे बैठक में शिरकत करेंगे।
कैबिनेट बैठक आज
मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक जगदीशपुर में होगी। कैबिनेट के सामने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का ड्राफ्ट रखा जाएगा। ‘अवैध बच्चा’ या ‘नाजायज औलाद’ जैसी कानूनी अवधारणा खत्म करने का प्रस्ताव है। सभी बच्चों को समान कानूनी दर्जा देने की तैयारी है। विवाह, तलाक और लिव-इन रिलेशनशिप के नए नियमों पर भी फैसला संभव है। सभी समुदायों के लिए एक समय में केवल एक विवाह मान्य करने का प्रस्ताव है। विवाह और तलाक का पंजीयन अनिवार्य करने की तैयारी है।
जगदीशपुर में आठवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट
जगदीशपुर में आठवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट होगी। इससे पहले जबलपुर के शक्ति भवन, दमोह के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में मंत्रि परिषद की बैठक आयोजित की गई थी। लोकमाता अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर, लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के 300 वें जयंती वर्ष पर इंदौर के राजवाड़ा में, पचमढ़ी के राजभवन में राजा भभूत सिंह के शौर्य को समर्पित मंत्रि परिषद की बैठक हो चुकी है। खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर और बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्र भीलट बाबा देवस्थल नागलवाड़ी में भी बैठक हुई थी।
इन विधेयकों को मिल सकती है मंजूरी
- आज होने वाली कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी। यूसीसी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती हैं।
- मप्र राजमार्ग (संशोधन) विधेयक, 2026
- मप्र निरसन विधेयक 2026
- मप्र समान नागरिक संहिता विधेयक 2026
- फायर एक्ट
- निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) संशोधन विधेयक, 2026
- मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विवि (संशोधन) विधेयक, 2026
- जबलपुर में एक विवि था। इसे दो भागों में बांटा जा रहा है।
- मप्र धनवंतरी स्वास्थ्य विवि विधेयक।
- ईज आफ डूइंग बिजनेस।
- मप्र श्रम संहिता 2026।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज
एमपी विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर आज रविवार को मीटिंग होगी। जिसमें मानसून सत्र की रणनीति बनेगी। जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी। किसान संकट और बेरोजगारी पर चर्चा होगी। वार्षिक जॉब कैलेंडर और भर्ती व्यवस्था में सुधार का मुद्दा उठेगा। UCC, आदिवासी-दलित अधिकार और महिला सुरक्षा पर चर्चा होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार और प्रदेश के घोटालों पर रणनीति बनेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

