MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज मोहन कैबिनेट की बैठक होगी। जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगेगी। प्रदेश के 58 लाख छात्रों को स्कूल ड्रेस के पैसे DBT से जारी करने को मंजूरी मिल सकती है। टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी नहीं होने के चलते फैसला लिया जा सकता है। 3 जून को मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम ने करीब साढ़े तीन सौ करोड़ रुपए की निविदा जारी की थी। मामला हाईकोर्ट में जाने से अंतरिम रोक लगी थी। मुख्यमंत्री ने ड्रेस की जगह पर नकद देने के विकल्प पर काम करने निर्देश दिए थे। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले पहले से आठवीं तक के बच्चों को सरकार की तरफ से ड्रेस दी जाती है। दमोह में नवीन मार्ग और 2031 तक जारी रहने वाली योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति देने के प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती हैं।
CM के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह करीब 10:45 बजे भोपाल स्थित मंत्रालय पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 1:45 बजे से मुलाकात के लिए समय निर्धारित किया गया है। दोपहर 2:45 बजे अखिल भारतीय कालिदास समारोह की केंद्रीय समिति की बैठक में शामिल होंगे।
प्रदेश प्रभारी से मिले वीडी शर्मा
पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एमपी प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देव से मुलाकात की। इस मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया जा रहा है। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह दोनों की पहली मुलाकात है।

EC के खिलाफ कांग्रेस का जिला स्तरीय प्रदर्शन
28 सितंबर को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के बाद अब मध्य प्रदेश कांग्रेस इलेक्शन कमीशन के खिलाफ जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। आज कांग्रेस कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपेगी। जिसमें इलेक्शन कमीशन चीफ ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की जाएगी।
TET के विरोध में शिक्षकों का धरना जारी
टीईटी के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षकों की धरने का आज तीसरा दिन है। अलग-अलग संभाग के शिक्षक चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन में शामिल होंगे। शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का बेमियाद धरना जारी है।
तीन मांगें
टीईटी से मुक्ति: लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग।
सेवा गणना: प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि गिनी जाए और उसी से वरिष्ठता तय हो।
ई-अटेंडेंस: शिक्षकों के विभागीय और अन्य शासकीय दायित्वों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक किया जाए।
भोपाल पुलिस अलर्ट
उज्जैन के घटनाक्रम को लेकर भोपाल पुलिस अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील, अति संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती की गई है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर है। वहीं उन्होंने सभी संगठनों के साथ समन्वय बनाने की अपील की है।

ट्विशा शर्मा केस- समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई आज
ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। भोपाल कोर्ट में समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। बचाव पक्ष ने जमानत के लिए तर्क दिया है कि CBI ने मामले में अधूरा आरोप पत्र पेश किया। गिरीबाला सिंह की भी जमानत याचिका हाईकोर्ट में दायर है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद जमानत पर फैसला होगा।
राजधानी में अब केक में मिला फफूंद
राजधानी में दूषित खाद्य पदार्थ मिलने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भोपाल में अब केक में फफूंद मिलने का आरोप है। एक उपभोक्ता ने खाद्य विभाग से इसकी शिकायत की है। बताया जा रहा है कि उपभोक्ता ने 56 भोग से केक खरीदा था। खाद्य विभाग ने मौके कर पहुंचकर सैंपल लिए और जांच के लिए भेजा है।
मध्यप्रदेश बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक कल
कल यानी बुधवार को मध्य प्रदेश बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। कोर ग्रुप की बैठक में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, संगठन महामंत्री भी शामिल होंगे। इस बैठक में आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रणनीति बनेगी। इसके साथ ही सत्ता और संगठन में समन्वय पर चर्चा होगी। बैठक के अगले दिन नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचय बैठक होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


