हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक बदलाव के बाद पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने नई अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के साथ तस्वीर साझा कर सोशल मीडिया पर एक भावुक और संगठनात्मक संदेश जारी किया है। बडौली ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी संगठन व राष्ट्रहित में एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा में संगठनात्मक बदलाव के बाद पूर्व प्रदेशाध्यक्ष Mohan Lal Badoli का पहला सार्वजनिक संदेश सामने आया है। नई प्रदेशाध्यक्ष Dr. Archana Gupta के साथ तस्वीर साझा करते हुए बडौली ने सोशल मीडिया पर भावुक और संगठनात्मक संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों का आभार जताया।
अपने विस्तृत संदेश में मोहनलाल बडौली ने कहा कि हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में मिला अवसर उनके सार्वजनिक जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने लिखा कि दायित्व निभाते हुए उन्होंने सदैव संगठन को सर्वोपरि मानकर विचारधारा, कार्यकर्ता सम्मान और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। बडौली ने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से मिले सहयोग और समर्पण को पार्टी की ताकत बताया।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, युवा कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े सभी लोगों का विशेष धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नई ऊर्जा और नए नेतृत्व के साथ भारतीय जनता पार्टी हरियाणा लगातार नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी।
मोहनलाल बडौली ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठन विस्तार उनके नेतृत्व में नई गति पकड़ेगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी, संगठन और राष्ट्रहित में पहले की तरह सक्रिय रहेंगे।

