मोहित भावसार, शुजालपुर (शाजापुर)। शाजापुर जिले के शुजालपुर में एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अब तक का सबसे तीखा और आक्रामक हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही मंच से जीतू पटवारी को ‘टपोरीलाल’ और ‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष’ तक कह डाला। मुख्यमंत्री का यह गुस्सा दरअसल जीतू पटवारी के उस बयान के बाद फूटा है, जिसमें उन्होंने सीएम को ‘अभिनंदन यादव’ कहा था।
जीतू पटवारी ने कसा था ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ का तंज
मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस घमासान की शुरुआत हाल ही में सतना से हुई थी। वहां आयोजित कांग्रेस के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर सीधा तंज कसा था। पटवारी ने उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहकर संबोधित किया था। इतना ही नहीं पटवारी ने मंच से यह दावा भी कर दिया था कि प्रदेश में मुख्यमंत्री की विदाई का समय अब आ गया है और उनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
“तुम टपोरी लाल हो…” मुख्यमंत्री का शुजालपुर से करारा पलटवार
जीतू पटवारी के इसी तंज का हिसाब चुकता करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुजालपुर की धरती को चुना। सांदीपनि स्कूल परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के मंच से गरजते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और सीधे जीतू पटवारी पर पलटवार किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि मैं अगर अभिनंदनलाल हूं तो तुम ‘टपोरी लाल’ हो। इसके साथ ही उन्होंने जीतू पटवारी के कद पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष’ तक करार दे दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज अपने कर्मो का फल भोग रही है और पूरे देश से उसका सूपड़ा साफ हो गया है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश के सियासी हलकों में हड़कंप मच गया है।
शुजालपुर को मिली 300 करोड़ की सौगात, हुआ भव्य रोड शो
इस तीखी बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा शुजालपुर वासियों के लिए विकास की बड़ी सौगात लेकर आया। सीएम ने सिंगल क्लिक के माध्यम से क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इससे पहले मुख्यमंत्री जे.एन.एस. शासकीय महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने शुजालपुर की सड़कों पर एक विशाल रोड शो किया, जहां जनता ने फूलों की बारिश कर उनका भव्य स्वागत किया। दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे।

