हांसी: भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मोहित चौधरी ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि वह खुद इस आंदोलन में शामिल हुए थे। भाजपा सांसद के बेटे के इस बयान के बाद आंदोलन को लेकर राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो गई है।
मोहित चौधरी बुधवार को हांसी पहुंचे थे। वह धर्मसेना युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनसे जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि वह स्वयं आंदोलन में शामिल हुए थे।
‘देशहित में हो तो युवाओं की बात सुननी चाहिए’
मोहित चौधरी ने कहा कि यदि कोई मुद्दा देश के हित में नहीं है, खराब है या गलत है, तो सरकार और समाज को युवाओं के बीच जाकर उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने NEET परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि परीक्षा में पेपर लीक हुआ था, जो नहीं होना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया, परीक्षा रद्द करवाई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की। उनके मुताबिक, युवाओं की समस्याओं को सुनना और गलत चीजों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है।
अर्चना गुप्ता के बयान पर भी दिया जवाब
पत्रकारों ने जब उनसे हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर के आंदोलन में दूसरी राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की बात कही थी, तो मोहित चौधरी ने कहा कि आंदोलन में ‘जेनुअन बच्चे’ भी मौजूद थे।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन में कुछ ऐसे बच्चे भी थे, जिनका मकसद सरकार को बदनाम करना था। उनके अनुसार, ऐसे लोग किसी राजनीतिक दल से जुड़े हो सकते हैं और उन्हें इसका राजनीतिक फायदा या वाहवाही मिल सकती है।
अर्चना गुप्ता ने आंदोलन में आतंकवादियों के होने का किया था दावा
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले हांसी में ही हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन को लेकर बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि आंदोलन के दौरान अराजकता के साथ-साथ आतंकवादी भी दिखाई दिए थे।
अर्चना गुप्ता ने आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत और एक पुलिस अधिकारी की आंख जाने का भी दावा किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने 24 जुलाई को महिला कॉन्स्टेबल की मौत से जुड़े दावे को गलत बताया था।
वहीं, आंदोलन में विदेशी फंडिंग के सवाल पर विदेश मंत्रालय की ओर से भी कहा गया था कि उसके पास ऐसी किसी जानकारी का रिकॉर्ड नहीं है।
अब भाजपा सांसद धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी का यह कहना कि ‘मैं खुद जंतर-मंतर पर मौजूद था’, इस पूरे घटनाक्रम को एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ले आया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



