मोकामा/पटना। खुशियों वाले घर में शहनाइयों की गूंज अभी शुरू ही हुई थी कि एक चीख ने सब कुछ खामोश कर दिया। मोकामा थाना क्षेत्र के मोर गांव में मामा की शादी में आई एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची की गंगा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

​स्नान के दौरान हुआ हादसा

​मृतक बच्ची की पहचान सलोनी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सलोनी अपने माता-पिता और रिश्तेदारों के साथ मोर गांव स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गई थी। घाट पर पहुंचने के बाद परिजनों ने पहले सलोनी को स्नान कराया और उसे सुरक्षित समझकर किनारे पर बैठा दिया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य निश्चिंत होकर गंगा में डुबकी लगाने लगे।

​पलक झपकते ही घटी घटना

​हादसा तब हुआ जब परिजनों की नजर सलोनी से हट गई। किनारे पर बैठी मासूम खेलते-खेलते अचानक गहरे पानी की ओर चली गई। जब कुछ देर बाद परिजनों ने उसे वहां नहीं पाया, तो आनन-फानन में खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

​शादी के घर में मचा कोहराम

​जिस घर में शादी की रस्में निभाई जा रही थीं, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सलोनी की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गई हैं। स्थानीय पुलिस को इस हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।