संजय वाणी, आलीराजपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने इंदौर निवासी ठेकेदार शकील शाह को गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। शनिवार को वह बस स्टैंड क्षेत्र में दिखाई दिया, जिसके बाद युवती के पिता ने पुलिस की मदद से उसे पकड़वाकर कोतवाली थाने के हवाले कर दिया।

शकील शाह पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप

जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी के समीप निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल कार्य के दौरान पीड़िता अपने परिवार के साथ मजदूरी कर रही थी। इसी दौरान इंदौर निवासी ठेकेदार शकील शाह पर युवती से छेड़छाड़ करने के आरोप लगे। परिजनों ने विरोध जताते हुए आरोपी को पहले भी वहां से भगा दिया था। इसके बाद आरोपी दोबारा आलीराजपुर पहुंचा और युवती से संपर्क करने तथा उसे बहला-फुसलाने का प्रयास करने लगा। शनिवार को उसके बस स्टैंड क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर युवती के पिता ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया।

एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोतवाली थाना प्रभारी सोनू सटोले ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, रास्ता रोकने तथा एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी कोतवाली थाना पहुंचे। उन्होंने जिले में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले ठेकेदारों और सुपरवाइजरों का सत्यापन कराने तथा उनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की।

सोनू सिटोले, थाना प्रभारी आलीराजपुर
नरपतसिंह सिंह कनेश, ग्रामीण

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m