Lifestyle Desk – Monsoon Fashion Tips : मानसून की दस्तक के साथ ही अलमारी से सबसे पहले रेनकोट बाहर निकल आता है. पहले जहां इसे केवल बारिश से बचने का एक साधारण साधन माना जाता था, वहीं अब यह फैशन का अहम हिस्सा बन चुका है. बदलते ट्रेंड के साथ रेनकोट के डिजाइन, रंग और पैटर्न में भी काफी बदलाव आया है. आज बाजार में ऐसे स्टाइलिश रेनकोट उपलब्ध हैं जो न सिर्फ आपको बारिश से सुरक्षित रखते हैं, बल्कि आपके पूरे लुक में भी चार-चांद लगा देते हैं.

अगर आप चाहती हैं कि बारिश के मौसम में भी आपका स्टाइल बरकरार रहे, तो रेनकोट चुनते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सही रंग, बेहतरीन फिट और स्मार्ट स्टाइलिंग आपके मानसून लुक को पूरी तरह बदल सकती है. आइए जानते हैं कैसे.
सही रंग चुनें
सबसे पहले रेनकोट का रंग चुनते समय मौसम के अनुसार सोचें. मानसून में अक्सर आसमान और आसपास का माहौल हल्का धुंधला दिखाई देता है. ऐसे में येलो, रेड, ऑरेंज, ब्लू या पेस्टल शेड्स जैसे ब्राइट रंग आपके लुक को फ्रेश और आकर्षक बना सकते हैं. वहीं, ट्रांसपेरेंट या सेमी-ट्रांसपेरेंट रेनकोट भी इन दिनों काफी ट्रेंड में हैं, क्योंकि इनके साथ पहने गए आउटफिट भी आसानी से नजर आते हैं.
सही फिटिंग का चुनें
फिटिंग भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. जरूरत से ज्यादा ढीला या बहुत टाइट रेनकोट आपके लुक को बिगाड़ सकता है. ऐसा रेनकोट चुनें जिसे आप अपने कपड़ों के ऊपर आराम से पहन सकें और जिसमें चलने-फिरने में किसी तरह की परेशानी न हो. बेल्ट वाले या ए-लाइन कट रेनकोट महिलाओं को स्टाइलिश और स्मार्ट लुक देते हैं, जबकि ओवरसाइज डिजाइन कैजुअल फैशन पसंद करने वालों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है.
सही फुटवियर का चुनाव
रेनकोट के साथ फुटवियर का चुनाव भी सोच-समझकर करें. वाटरप्रूफ स्नीकर्स, रबर सैंडल या एंकल-लेंथ रेन बूट्स न केवल आपके पैरों को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि पूरे लुक को भी फैशनेबल बनाते हैं. वहीं, लेदर या कपड़े के जूते बारिश में जल्दी खराब हो सकते हैं, इसलिए इनसे बचना बेहतर रहेगा.
एक्सेसरीज भी हो खास
मानसून फैशन में एक्सेसरीज की भी अहम भूमिका होती है. वाटरप्रूफ बैग, मिनिमल ज्वेलरी और हल्का मेकअप आपके लुक को संतुलित और आकर्षक बनाए रखते हैं. यदि रेनकोट का रंग चमकीला है, तो बाकी एक्सेसरीज को सिंपल रखें ताकि पूरा लुक ओवर न लगे.
जगह के हिसाब से चुनें
कॉलेज जाने वाली लड़कियों के लिए प्रिंटेड, शॉर्ट या हूडी स्टाइल रेनकोट अच्छे विकल्प हो सकते हैं. वहीं, ऑफिस जाने वाली महिलाएं सॉलिड कलर, लॉन्ग कट या ट्रेंच स्टाइल रेनकोट चुन सकती हैं, जो प्रोफेशनल और एलिगेंट लुक देते हैं. इसके अलावा, हल्के वजन और अच्छी क्वालिटी वाले वाटरप्रूफ फैब्रिक का रेनकोट लंबे समय तक टिकाऊ रहता है और पहनने में भी आरामदायक होता है.
बारिश का मौसम सिर्फ भीगने या घर में रहने का नहीं, बल्कि अपने स्टाइल के साथ नए प्रयोग करने का भी है. अगर आप सही रेनकोट के साथ स्मार्ट स्टाइलिंग अपनाती हैं, तो मानसून में भी आपका फैशन किसी भी मौसम से कम नहीं दिखेगा. थोड़ी-सी समझदारी और सही चुनाव के साथ रेनकोट केवल जरूरत नहीं, बल्कि आपकी पर्सनैलिटी का स्टाइलिश हिस्सा बन सकता है.

