भुवनेश्वर। ओडिशा में मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने से राज्यभर में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने पूरे राज्य के लिए सतर्कता जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, कल सुबह 8:30 बजे तक केन्दुझर और मयूरभंज जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी की गई है। इसके साथ ही राज्य के अन्य 28 जिलों के निवासियों को भी संभावित भारी बारिश और वज्रपात को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इस बारिश का सबसे अधिक प्रभाव राजधानी भुवनेश्वर में देखने को मिला है। तड़के सुबह 5:30 बजे तक शहर में रिकॉर्ड 97.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मूसलाधार बारिश के कारण राजधानी के निचले और प्रमुख आवासीय इलाकों जैसे मधुसूदन नगर, नयापल्ली, एयरपोर्ट रोड, जगमोहन नगर और लक्ष्मी सागर में सड़कों पर भारी पानी भर गया है, जिससे कई जगहों पर जलभराव (वॉटरलॉगिंग) की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

क्षेत्रीय मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, मधुसूदन नगर में 107 मिमी, नयापल्ली और एयरपोर्ट क्षेत्र में 97.2 मिमी, जगमोहन नगर में 90.4 मिमी और लक्ष्मी सागर इलाके में 83.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। शहर के निचले इलाकों में पानी घुसने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

प्रशासन एवं मौसम विभाग ने जलभराव वाले क्षेत्रों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। साथ ही, बहुत जरूरी काम न होने पर लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m