० 7 से 9 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश के आसार, किसानों के लिए राहत लेकर आई मानसूनी बारिश
चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 6 जुलाई से 11 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी, वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार (6 जुलाई) को प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 7 से 9 जुलाई के बीच मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा, जिससे कई जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, जींद, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 10 और 11 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर न रुकने और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। प्रशासन भी संभावित जलभराव और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
किसानों के लिए राहत की बारिश
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश कृषि के लिहाज से काफी लाभदायक साबित होगी। धान की रोपाई को इससे गति मिलेगी, वहीं बाजरा सहित खरीफ की अन्य फसलों की बुवाई के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी। लगातार हो रही बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और किसानों को सिंचाई पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी।

