० गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में मौसम विभाग की विशेष चेतावनी, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार, 11 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में भारी बारिश के साथ वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की जरूरत है।

रांची में भी तेज हवा के साथ बारिश के आसार

राजधानी रांची समेत राज्य के कई अन्य जिलों में भी शुक्रवार को बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश होने की संभावना है। रांची के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक दिनभर सामान्यतः बादल छाए रह सकते हैं।

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम खराब होने पर रहें सतर्क

मौसम विभाग के अलर्ट के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज गरज-चमक या वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है।