Lifestyle Desk – मानसून की रिमझिम बारिश और गरमा-गरम पकौड़ों का साथ हर किसी को पसंद आता है. लेकिन अगर आप हर बार बेसन के पकौड़े खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई करें. आज हम आपको चावल के आटे से बनने वाले बेहद कुरकुरे और स्वादिष्ट प्याज के पकौड़ों की आसान रेसिपी बता रहे हैं. चावल के आटे में लच्छेदार प्याज, हरी मिर्च और कुछ खास मसालों का मेल इन पकौड़ों का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. ये पकौड़े बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से नरम बनते हैं, जिन्हें एक बार खाने के बाद हर कोई बार-बार बनाने की फरमाइश करेगा. आइये जानते हैं इसकी रेसिपी.

सामग्री
चावल का आटा-1 कप
बड़े प्याज- 2 (पतले और लच्छेदार कटे हुए)
हरी मिर्च- 2–3 (बारीक कटी हुई)
बारीक कटा हरा धनिया-2 बड़े चम्मच
अदरक -1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
लाल मिर्च पाउडर-1/2 छोटा चम्मच
हल्दी-1/2 छोटा चम्मच
अजवाइन-1 छोटा चम्मच
जीरा-1/2 छोटा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
तेल 2–3 बड़े चम्मच गर्म
जरूरत अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में कटे हुए प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक और नमक डालकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि प्याज थोड़ा पानी छोड़ दे.
- अब इसमें चावल का आटा, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन और जीरा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. 2–3 बड़े चम्मच गर्म तेल डालें. इससे पकोड़े ज्यादा कुरकुरे बनते हैं.
- जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. मिश्रण बहुत पतला नहीं होना चाहिए. कढ़ाही में तेल मध्यम आंच पर गर्म करें.
- तैयार मिश्रण को हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे हिस्सों में तेल में डालें. पकोड़ों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
- तैयार पकोड़ों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
कुरकुरे पकोड़ों की खास ट्रिक
- मिश्रण में थोड़ा गर्म तेल मिलाने से पकोड़े ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं.
- पकोड़ों को हमेशा मध्यम आंच पर तलें. तेज आंच पर वे बाहर से जल्दी पक जाएंगे लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं.
- मिश्रण को 5–10 मिनट आराम देने से चावल का आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और पकोड़े बेहतर बनते हैं.
- गरमा-गरम चाय, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ इन स्वादिष्ट चावल और प्याज के पकोड़ों का आनंद लें.

