सुशीला देवी, गुरुग्राम। मूंगफली खरीदने के नाम पर ₹1.71 लाख की साइबर ठगी के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने साइबर ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले आरोपी को कानपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहकों की KYC और लाइव फोटो का दुरुपयोग कर उनकी जानकारी के बिना सिम जारी करवाकर साइबर ठगों तक पहुंचाता था।

पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को साइबर अपराध पश्चिम थाने में शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी कुकिंग ऑयल फैक्ट्री है और उसने 2,000 किलोग्राम मूंगफली खरीदने के लिए 29 जनवरी को बताए गए बैंक खाते में ₹1.71 लाख ट्रांसफर किए थे। रकम मिलने के बाद आरोपी पक्ष ने माल भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन मूंगफली नहीं पहुंची और ठगी का पता चला।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने 30 सितंबर को विनय शर्मा निवासी कानपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह Vi टेलीकॉम कंपनी का POS एजेंट था और ग्राहकों की KYC व लाइव फोटो का दुरुपयोग कर बिना सहमति सिम जारी करता था। इसके बाद सिम साइबर ठगों तक पहुंचाए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक करीब 50 सिम कार्ड उपलब्ध करा चुका था और इसके बदले लगभग एक लाख रुपये कमा चुका था। पुलिस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जांच कर रही है।