मुरादाबाद में शनिवार को शराब पीने और साथ रहने को लेकर हुए विवाद में तौकीर ने अपनी पत्नी फरहीन की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया. इसके बाद उसने खुद की गर्दन पर भी वार कर लिया, जिसमें दोनों घायल हो गए और पति की हालत गंभीर बनी हुई है.

मुरादाबाद. जिले में शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया. नागफनी क्षेत्र के बंगला गांव दसवां घाट स्थित मायके में रह रही फरहीन (26) पर हमला करने के बाद आरोपी पति तौकीर (26) ने भी अपनी गर्दन पर ब्लेड से वार कर लिया. घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

शराब को लेकर विवाद

फरहीन ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशा करने के बाद अक्सर घर में विवाद करता था. शनिवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी.

महिला के मुताबिक, तौकीर उस पर दोबारा अपने साथ करूला चलने का दबाव बना रहा था, लेकिन उसके शराब पीकर झगड़ा करने से परेशान होकर वह मायके में ही रहना चाहती थी.

आठ साल पहले प्रेम विवाह

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के मुताबिक, कटघर क्षेत्र के करूला निवासी तौकीर एक पीतल फर्म में पॉलिश का काम करता है. करीब आठ साल पहले उसने नागफनी के बंगला गांव निवासी फरहीन से प्रेम विवाह किया था. दोनों के चार बच्चे हैं.

पुलिस को दिए बयान में फरहीन ने बताया कि करीब 15 दिन पहले तौकीर उसे और चारों बच्चों को मायके छोड़कर दिल्ली चला गया था. उसने वहां काम करने की बात कही थी. करीब पांच दिन पहले वह दिल्ली से वापस लौटा और फरहीन पर करूला स्थित घर चलने के लिए दबाव बनाने लगा.

साथ जाने से किया इनकार

शनिवार दोपहर तौकीर फरहीन के मायके पहुंचा. उस समय महिला के माता-पिता और चारों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे. फरहीन के अनुसार, तौकीर ने वहां पहुंचकर फिर विवाद शुरू कर दिया.

महिला ने उसके साथ जाने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी. फरहीन घरेलू काम में लग गई, इसी दौरान तौकीर ने ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया. इसके बाद उसने अपनी गर्दन पर भी वार कर लिया.

पति की हालत गंभीर

फरहीन की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. उसके माता-पिता को भी घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.

सूचना मिलने पर सीओ कोतवाली और थाना प्रभारी मनीष सक्सेना भी अस्पताल पहुंचे और परिवार के सदस्यों से घटना के संबंध में जानकारी ली. डॉक्टरों ने तौकीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया. फिलहाल उसे टीएमयू में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के मुताबिक, फरहीन बोल पा रही है, जबकि तौकीर बेहोशी की हालत में है. एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तौकीर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. उसकी मां और भाई दिल्ली में रहते हैं और सूचना मिलने के बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए हैं.