शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश में राजनीति का अंदाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। अब चुनाव मंचों और पोस्टरों से नहीं, रील और स्टोरी से लड़ा जाएगा। प्रदेश के दोनों बड़े राजनीतिक दल बीजेपी और कांग्रेस अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की अपनी-अपनी टीम खड़ी करने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों ने इसके लिए बाकायदा प्लान तैयार कर लिया है। लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में सोशल मीडिया के असर को देखते हुए अब विधानसभा 2028 को ध्यान में रखकर यह नई फौज तैयार की जा रही है। 

बीजेपी की रणनीति बड़ी 

बीजेपी की रणनीति बड़ी है। पार्टी हर जिले में 50 से 100 माइक्रो इंफ्लुएंसर को जोड़ने का टारगेट लेकर चल रही है। ये वो चेहरे होंगे जिनके इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर 10 हजार से 1 लाख तक फॉलोअर्स हैं। इनमें फूड ब्लॉगर, ट्रैवल ब्लॉगर, कॉमेडी क्रिएटर और एजुकेशन क्रिएटर भी शामिल होंगे। इन्हें सरकार की योजनाओं को अपनी भाषा में लोगों तक पहुंचाने का टास्क दिया जाएगा। 

कांग्रेस भी पीछे नहीं 

वहीं कांग्रेस भी पीछे नहीं है। पार्टी ‘डिजिटल योद्धा’ नाम से टीम बना रही है। कांग्रेस का फोकस मीम क्रिएटर और रोस्टर पर ज्यादा है। पार्टी का मानना है कि युवा वोटर भाषण से ज्यादा मीम और 30 सेकंड की रील से कनेक्ट करता है। इसके लिए भोपाल में जल्द ही बड़ा वर्कशॉप भी होने वाला है। मामले पर बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बीजेपी अपग्रेड पार्टी है जो समय-समय पर परिवर्तन भी करती है। वक्त के साथ सोशल मीडिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी बात कहने का अधिकार भी संविधान देता है। टेक्नोलॉजी का उपयोग जनहित में हो यह बेहद जरूरी है। जनहित के लिए ही बीजेपी भी कई माध्यम से सोशल मीडिया का उपयोग करेगी। 

उधर, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि बीजेपी सिर्फ झूठ फैलाने के लिए सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर का प्लान तैयार कर रही है। कांग्रेस इस झूठ का जवाब भी उसी भाषा में देने के लिए अपने योद्धाओं को तैयार कर रही है। ऐसे कई फेमस सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर है जिन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को अपनाया है और आगे भी बढ़ा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m