Morning News Brief (मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (17 अप्रैल 2026) की खबरों में महिला आरक्षण संशोधन-परिसीमन बिल लोकसभा में गिरा; पवन खेड़ा की जमानत याचिका रद्द; BJP नेता हत्याकांड में 16 लोगों को उम्रकैद की सजा, 40 दिन बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह खुला प्रमुख रहा।

1. महिला आरक्षण संशोधन-परिसीमन बिल लोकसभा में गिरा

 लोकसभा में 131 वां संविधान संशोधन बिल यानि महिला आरक्षण संशोधन बिल गिर गया है. पिछले 12 साल में मोदी सरकार को ये सबसे बड़ा झटका मिला है. बिल की वोटिंग में सदन के कुल 528 सदस्यों ने भाग लिया था. जहां बिल के पक्ष में मात्र 298 वोट जबकि विपक्ष में 230 वोट पड़े हैं. बता दें कि, कुल संख्या का दो तिहाई आंकड़ा न पार कर पाने के कारण बिल पास नहीं हो पाया. इसके बाद सरकार ने बाकी 2 और विधेयकों को भी वापस ले लिया. विधेयकों पर बीते दिन करीब 13 घंटे और आज सुबह से चर्चा हो रही थी. बता दें कि, इस बिल को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सदन में पेश किया था.

पढ़े पूरी खबर…..

2. BJP नेता हत्याकांड में 16 लोगों को उम्रकैद की सजा

बेंगलुरु स्थित जन प्रतिनिधियों की विशेष अदालत ने भाजपा नेता योगेश गौड़ा की 2016 में हुई हत्या के मामले में कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत 15 अन्य लोगों को दोषी ठहराया है। सभी 16 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है और अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 30,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह फैसला लंबे समय से चल रहे इस मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है और राजनीतिक हिंसा के लिए जवाबदेही को रेखांकित करता है।विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने सजा सुनाई है।

पढ़े पूरी खबर…..

3. पवन खेड़ा की जमानत याचिका रद्द

असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वसरमा से पंगा लेना कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को भारी पड़ रहा है. तेलंगाना हाई कोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट से भी उन्हें बड़ा झटका लगा है. खेड़ा ने अपनी याचिका में तेलंगाना हाई कोर्ट से उन्हें दी गई एक सप्ताह की ट्रांजिट अग्रिम जमानत पर रोक लगाने के शीर्ष अदालत के आदेश को रद्द करने की गुहार लगाई थी, जिसे खारिज कर दिया गया है. कोर्ट ने उन्हें गुवाहाटी हाई कोर्ट जाने के लिए कहा है. गौरतलब है कि खेड़ा की मुसीबत इसलिए भी ज्यादा बढ़ी हुई है क्योंकि गुवाहाटी हाई कोर्ट 21 अप्रैल तक छुट्टी पर है.

पढ़े पूरी खबर…..

4. 40 दिन बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह खुला

40 दिन बाद होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुल गया है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी घोषणा की है. अराघची ने कहा कि अब सभी जहाज आराम से होर्मुज से गुजर सकेंगे. उन्होंने कहा कि लेबनान में हुए सीजफायर को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. अमेरिकी हमले को कुंद करने के लिए 6 मार्च को ईरान ने होर्मुज को ब्लॉक कर दिया था. एक सोशल पोस्ट में विदेश मंत्री अराघची ने कहा- जब तक अस्थाई सीजफायर है, तब तक होर्मुज से सभी वाणिज्यिक जहाज आसानी से गुजर सकेंगे. सभी जहाज ईरान के इस्लामी गणराज्य के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा पहले से घोषित समन्वित मार्ग से होकर गुजर सकेंगे.

पढ़े पूरी खबर…..

आज के प्रमुख इवेंट्स

  • महिला आरक्षण संशोधन-परिसीमन बिल लोकसभा में गिरने पर मोदी कैबिनेट की बड़ी बैठक सुबह 11 बजे से होगी। पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में आग की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

परमाणु-स्पेस रिसर्च पर काम करने वाले 5 अमेरिकी वैज्ञानिक गायबः परमाणु-स्पेस रिसर्च पर काम करने वाले 5 अमेरिकी वैज्ञानिकों की मौत और गायब होने के मामले में अब व्हाइट हाउस सवालों के घेरे में है। मात्र 3 साल के अंदर यानि 2023 से अब तक ऐसे 10 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें प्रोग्राम से जुड़े वैज्ञानिक या अधिकारी या तो लापता हो गए या संदिग्ध हालात में मारे गए। बुधवार को व्हाइट हाउस ब्रीफिंग में पहली बार प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट से इन घटनाओं पर सवाल पूछा गया। जिसके जवाब में उन्होंने कहा, “मैंने अभी संबंधित एजेंसियों से इस बारे में बात नहीं की है। मैं ऐसा करूंगी और आपको जवाब दूंगी।” (पूरी खबर पढ़े)

विश्व अर्थव्यवस्था में भारत छठे स्थान पर खिसका: इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) के ताज़ा ग्लोबल GDP डेटा के मुताबिक, भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। ठीक एक साल पहले, भारत को कुछ समय के लिए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था माना जा रहा था।लेकिन अब यह छठे नंबर पर है – अमेरिका, चीन, जर्मनी, जापान और यूनाइटेड किंगडम से पीछे। खास बात यह है कि यह गिरावट इसलिए नहीं हुई कि अर्थव्यवस्था पीछे चली गई। रुपये के हिसाब से, अर्थव्यवस्था अभी भी तेज़ी से बढ़ रही है। (पूरी खबर पढ़े)

TCS कांड की आरोपी निदा खान ने लगाई अग्रिम जमानत याचिकाः महाराष्ट्र के बहुचर्चित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) कंपनी के नासिक धर्मांतरण केस में अब एक नया मोड़ आ गया है। मामले का खुलासा होने के बाद से फरार एक महिला आरोपी निदा खान ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। निदा खान की तरफ से खुद को गर्भवती बता कर जमानत की मांग की गई है। पहले ख़बरें आईं थी की वह कंपनी में मानव संसाधन (HR) प्रमख थीं लेकिन अब बताया गया कि वह HR प्रमुख नहीं बल्कि टेलीकॉलर के पद पर थीं। उनके परिवार का यह भी कहना है कि वह फरार नहीं, बल्कि मुंबई स्थित अपने घर में परिवार के साथ हैं। (पूरी खबर पढ़े)

गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्तिः अरबपति उद्योगपति गौतम अडानी की नेट वर्थ बढ़कर $92.6 बिलियन हो गई है, जिसके साथ वह एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह वैश्विक स्तर पर 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया है। अंबानी अब $90.8 बिलियन की नेट वर्थ के साथ एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं और वैश्विक स्तर पर 20वें स्थान पर हैं। (पूरी खबर पढ़े)

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m