भोपाल। मध्य प्रदेश में आज का दिन राजनीतिक, विकास कार्यों और आम जनता की सहूलियत के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज महाकौशल और सिवनी के दौरे पर रहेंगे, जहां वे किसानों को बड़ी सौगात देंगे। वहीं भोपाल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है, जबकि शहर के कुछ इलाकों में बिजली कटौती से लोग परेशान हो सकते हैं।

CM डॉ. मोहन यादव का दौरा: सिवनी में धान महोत्सव और जबलपुर में ‘गौरव शिखर सम्मान’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सिवनी और जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सिवनी में राज्य-स्तरीय धान महोत्सव और किसान सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को सिंगल क्लिक से करोड़ों की बोनस राशि ट्रांसफर करेंगे।

मुख्यमंत्री का आज का पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:

सुबह 11:30 बजे: मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग।

दोपहर 12:30 बजे: भोपाल से जबलपुर के लिए हवाई मार्ग से रवानगी।

दोपहर 01:15 बजे: जबलपुर आगमन और तुरंत सिवनी के लिए रवाना।

दोपहर 01:50 बजे: सिवनी आगमन, ‘राज्य-स्तरीय धान महोत्सव’ और किसान सम्मेलन में शामिल होंगे।

दोपहर 03:25 बजे: सिवनी से जबलपुर के लिए वापस रवानगी।

शाम 04:25 बजे: मानस भवन, जबलपुर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम ‘गौरव शिखर सम्मान 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

शाम 05:25 बजे: शीतलपुरी, बल्देवबाग में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

शाम 06:00 बजे: जबलपुर से भोपाल के लिए रवानगी।

शाम करीब 07:00 बजे: मुख्यमंत्री निवास, भोपाल वापसी।

किसानों को सौगात

सिवनी में मुख्यमंत्री प्रदेश के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे। मोटे अनाज (श्रीअन्न) को बढ़ावा देने के लिए सरकार 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दे रही है। इसके साथ ही, CM सिवनी को 494.16 करोड़ रुपए की लागत के 629 विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिसमें 349.33 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 144.83 करोड़ के नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है।

रेल यात्रियों को बड़ी राहत: आज से दौड़ेगी कानपुर-मदुरै साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

उत्तर और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए रेलवे ने आज से एक नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू की है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए कानपुर सेंट्रल और मदुरै के बीच यह ट्रेन चलाई जा रही है, जिससे पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के यात्रियों को सीधा फायदा होगा।

भोपाल मंडल को लाभ

यह ट्रेन बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यहाँ के यात्रियों को बिना ट्रेन बदले सीधे दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक शहर मदुरै जाने की सुविधा मिलेगी।

ट्रेन का शेड्यूल

गाड़ी संख्या 01925 कानपुर सेंट्रल–मदुरै स्पेशल प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन कुल 5 फेरे लगाएगी।

भोपाल वाले ध्यान दें: आज इन इलाकों में 4 घंटे गुल रहेगी बिजली

भोपाल के कई बड़े रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में आज मेंटेनेंस के काम के चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। लोग अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें।

इन इलाकों में प्रभावित रहेगी सप्लाई

सुबह 10:00 से दोपहर 02:00 बजे तक: कमला नगर, ख्वाजा कॉलोनी, राजीव नगर ए-सेक्टर एवं आसपास का क्षेत्र।

सुबह 10:00 से दोपहर 02:00 बजे तक: कावड़ी, क्रोमा, डी-मार्ट, पैसिफिक ब्लू, इंडियन कॉफी हाउस, शीशम एवं आसपास के इलाके। सुबह 10:00 से दोपहर 02:00 बजे तक: लालघाटी पेट्रोल पंप, विला अपार्टमेंट, लालघाटी चौराहा, बरेला गांव, लालघाटी रोड, कोहेफिजा हॉस्पिटल, कलेक्टर कार्यालय, कमिश्नर कार्यालय, भोपाल मोटर्स, लोकायुक्त कार्यालय एवं संबंधित क्षेत्र।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m