शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अपने बैतूल और भोपाल दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय अभियानों की शुरुआत करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आज सुबह बैतूल जिले के भैंसदेही अंतर्गत कुकरू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

पीएम मोदी की ‘मन की बात’, बैतूल में सुनेंगे सीएम मोहन यादव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर आज पूरे मध्यप्रदेश भाजपा में उत्साह है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैतूल जिले के भैंसदेही अंतर्गत कुकरू में इस कार्यक्रम को सुनेंगे। इस दौरान उनके साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। पार्टी के तमाम मंत्री और पदाधिकारी भी प्रदेश के अलग-अलग बूथों पर इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

सीएम डॉ. मोहन यादव का आज का व्यस्त दौरा कार्यक्रम

सीएम डॉ. मोहन यादव का आज का व्यस्त दौरा कार्यक्रम रहेगा। मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे कुकरू में स्थानीय कार्यक्रम, ग्राम चौपाल, हेलमेट वितरण और वनरक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। सुबह 11 बजे ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता। और फिर दोपहर 1 बजे बुदनी में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। जहां से वे भोपाल के लिए रवाना होंगे और दोपहर 3 बजे प्रशासनिक अकादमी में राज्यस्तरीय बड़े अभियानों का शुभारंभ करेंगे।

आज से पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद: 1.07 करोड़ बच्चों को सुरक्षा चक्र

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज दोपहर 3 बजे भोपाल से प्रदेश स्तरीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत करेंगे। 28 से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान में 5 साल तक के लगभग 1.07 करोड़ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

इसके साथ ही सीएम ‘सुमन पंचायत’ और ‘स्टेट एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस 2.0 एक्शन प्लान’ को भी लॉन्च करेंगे। एचपीवी (HPV) टीकाकरण और ‘स्वस्थ यकृत मिशन’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को इस मंच से पुरस्कृत किया जाएगा।

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 65 पुलिस अफसरों के तबादले

प्रशासनिक चुस्ती को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ी सर्जरी की है। प्रदेश में 65 SDOP, CSP और DSP स्तर के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके तहत ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन के CSP बदल दिए गए हैं, जबकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र बालाघाट हॉक फोर्स (Hawk Force) में 18 जांबाज अधिकारियों को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m