शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में आज का दिन बेहद सरगर्मियों से भरा रहने वाला है। राज्य में आगामी 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। एक तरफ जहां आज भाजपा के दिग्गज नेता अपने प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराने विधानसभा पहुंचेंगे तो वहीं कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के खतरे को भांपते हुए शाम को विधायक दल की आपात बैठक बुलाई है। आइए जानते हैं प्रदेश में आज दिनभर की हलचलें:

दोपहर 12:30 बजे बीजेपी प्रत्याशी दाखिल करेंगे नामांकन

मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल आज नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। दोपहर 12:30 बजे विधानसभा पहुंचकर दोनों नेता अपना पर्चा भरेंगे।

इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस मौके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी शामिल होने की संभावना है। सभी नेता बीजेपी प्रदेश कार्यालय से एक साथ विधानसभा के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का पूरा शेड्यूल

मुख्यमंत्री आज भोपाल और इंदौर दोनों शहरों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 11:45 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। जहां से वो दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में राज्यसभा प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में सहभागिता लेंगे।

दोपहर 01:15 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवानगी होगी। दोपहर 02:00 बजे इंदौर में आयोजित ‘इंडो/लैटिन/अमेरिका कैरेबियन इन्वेस्टमेंट फोरम 2026’ में शामिल होंगे। शाम 04:00 बजे: इंदौर से वापस भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आगमन होगा।

क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए कांग्रेस की बड़ी कवायद, शाम 5 बजे बैठक

18 जून को होने वाले मतदान से पहले कांग्रेस खेमे में भी हलचल तेज है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के पक्ष में माहौल मजबूत करने और विधायकों को एकजुट रखने के लिए आज शाम 5:00 बजे कांग्रेस विधायक दल की एक बड़ी बैठक बुलाई गई है।

आलाकमान ने साफ कर दिया है कि चुनाव में किसी भी कीमत पर क्रॉस वोटिंग नहीं होनी चाहिए। सभी विधायकों को इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ इस बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो रहे हैं। हालांकि बीते दिन दिल्ली में उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने उनसे मुलाकात कर रणनीति पर चर्चा की थी।

इस बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मौजूद रहेंगे, जहां विधायकों को एकजुट रखने और मतदान की बारीकियों को लेकर मंथन किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m