भोपाल। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक मोर्चे पर हलचल तेज है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई में सूबे की तरक्की के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को साध रहे हैं, वहीं सागर जिले में जहरीली शराब त्रासदी से कोहराम मचा हुआ है। राजधानी भोपाल में आज एमबीबीएस इंटर्न सीएम हाउस का घेराव करने निकलेंगे, वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के मिसाइल वाले विवादित बयान पर सियासत गरमा गई है। पढ़िए आज सुबह की 6 बड़ी खबरें:

CM मोहन यादव के दुबई दौरे का दूसरा दिन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के यूएई प्रवास का आज दूसरा दिन है। वे ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश–दुबई 2026’ के तहत वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे। आज के दौरे का मुख्य आकर्षण ‘AIM कांग्रेस-2026’ रहेगा, जहां सीएम मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे रास अल खैमाह के शासक महामहिम शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मुलाकात कर उन्हें ‘GIS 2027’ का निमंत्रण देंगे। दिनभर तातारस्तान के गवर्नर, लूलू ग्रुप के सीएमडी यूसुफ अली और यूएई के अर्थ मंत्रियों के साथ हाई-प्रोफाइल बैठकें होंगी।

सागर में जहरीली शराब का तांडव: 2 दिन में 11 की मौत

सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया है, जबकि 109 से अधिक लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। जहर इतना घातक था कि कई मरीजों के शरीर नीले पड़ गए हैं। मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी समेत 5 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने बंडा और विनायक थाने में 30 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

‘मुरैना हो या सागर… एसपी वही!’ जहरीली शराब त्रासदी पर भड़की कांग्रेस

सागर कांड पर कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा कि 2021 में जब मुरैना में जहरीली शराब से 24 लोगों की मौत हुई थी, तब भी अनुराग सुजानिया ही एसपी थे और आज सागर में भी वही पदस्थ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की माफियाओं से साठगांठ है और 5 साल बाद भी कोई सबक नहीं सीखा गया। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि इस सामूहिक हत्याकांड की जिम्मेदारी कौन लेगा और आबकारी मंत्री व डीजीपी कब इस्तीफा देंगे?

स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर MBBS इंटर्न्स का ‘सीएम हाउस मार्च’

भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) के एमबीबीएस इंटर्न्स ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी स्टाइपेंड की राशि 14,337 से बढ़ाकर 30,000 करने की मांग को लेकर आज सैकड़ों छात्र जीएमसी परिसर से सीएम हाउस के लिए पैदल मार्च निकालेंगे। गौरतलब है कि पिछले महीने पूरे प्रदेश के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में प्रदर्शन के बाद सरकार ने 1 महीने के भीतर स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन समयावधि पूरी होने के बाद भी मांग न माने जाने से डॉक्टरों में भारी आक्रोश है।

काजी कैंप पर मिसाइल दागने वाले बयान पर BJP विधायक शर्मा की सफाई

जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के विवादित बोल पर सियासी संग्राम छिड़ गया है। विधायक ने मंच से कहा था, “जब लोग कहते थे सुई नहीं बना सकते, तब मोदी जी ने कहा मिसाइल बनाएंगे… करौंद चौराहे पर मिसाइल लगा दो और काजी कैंप पर गिरा दो।” बयान पर घिरने के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि उन्होंने भोपाल के काजी कैंप की नहीं, बल्कि पाकिस्तान के ‘इस्लामाबाद वाले काजी कैंप’ की बात कही थी।

MP पुलिस को मिलेंगे 17 नए DSP

मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी में 46वें उप पुलिस अधीक्षक (DSP) बैच की बुनियादी ट्रेनिंग शुरू हो गई है। इस नए बैच में कुल 17 अधिकारी शामिल हैं। खास बात यह है कि 17 प्रशिक्षु अधिकारियों में से 11 महिलाएं हैं, यानी खाकी की कमान में महिलाओं की हिस्सेदारी 65 फीसदी है। यह नया बैच जल्द ही पुलिस तंत्र को और मजबूत करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m