शिखिल ब्यौहार,भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. यादव डुमना नेचर पार्क में ‘कैच द रेन’ अभियान के अंतर्गत 11 लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत उमरिया, डुमना और कठौंदा में मियावाकी पद्धति से 5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, उमरिया में 5 एकड़ के पौध-पहचान पार्क, डुमना में ‘नवग्रह वाटिका’ और जल संरक्षण के लिए ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत सोकपिट्स बनाने का शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जबलपुर के घंटाघरस्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘अमृत 1.0’ सीवेज परियोजना और कठौंदा, ललपुर व तेवर में बने तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण करेंगे, जिससे 89 हजार घरों को फायदा मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिविल लाइन में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री की सौगात देंगे। वहीं, गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने नए पक्के मत्स्य बाजार का लोकार्पण किया जाएगा, जहाँ 55 व्यापारियों को अत्याधुनिक सुविधाओं वाली दुकानें मिलेंगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि के 500 हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड प्रदान करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव तिलवारा स्थित नव निर्मित थाना व पुलिस आवासों का लोकार्पण भी करेंगे।

भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में आज VHP का प्रदर्शन

संसद परिसर में पूज्य संतों और भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में आज राजधानी भोपाल में विश्व हिंदू परिषद का प्रदर्शन होगा।विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में साधु-संत भी शामिल होंगे। भोपाल के व्यायाम चौराहा पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता जुटेंगे। दोपहर 1 बजे से शुरू होगा प्रदर्शन। उस दौरान विरोध मार्च निकाला जाएगा। 

खाद वितरण में सुधार को लेकर बनी समिति, एक हफ्ते में रिपोर्ट

राज्य शासन ने ई-विकास (वितरण एवं कृषि उर्वरक आपूर्ति समाधान) प्रणाली के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने और किसान संगठनों से सुझाव लेने के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया। समिति अध्ययन कर एक सप्ताह में अपनी अनुशंसाएं देगी। समिति में प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ, भोपाल, आयुक्त नर्मदापुरम संभाग, कलेक्टर नर्मदापुरम और कलेक्टर हरदा सदस्य हैं। उप सचिव, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग को सदस्य-सचिव नामित किया गया है। समिति ई-विकास की समीक्षा करेगी और व्यवहारिक व तकनीकी कठिनाइयों का परीक्षण करेगी।  

आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन के निर्देश

उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय समय पर दिया जाए और इसमें किसी भी प्रकार का विलंब न हो। उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के तहत योग्य अस्पतालों के एम्पेनेलमेंट में तेजी लाने और इमपेनल्ड अस्पतालों के क्लेम भुगतान को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा, ताकि मरीजों के इलाज में बाधा न आए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m