Bihar Road Accident: बिहार के सीवान जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मां-बेटी के मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र स्थित गांधी आश्रम के पास की है, जहां अनियंत्रित तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के सड़क किनारे पेड़ से टकराने की वजह से यह हादसा हुआ।

इलाज कराने जा रहा था परिवार

मृतका मां-बेटी की पहचान आफताब आलम की पत्नी हाजरा खातून (65) और उनकी बेटी सफीना खातून (20) के रूप में हुई, जो भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के हिलसड़ गांव की रहने वाली थी। मिली जानकारी के अनुसार हाजरा खातून बीमार थीं, जिन्हें उनके परिवार के लोग इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बीच रास्त में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।

मां-बेटी की मौत, 3 लोग घायल

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि हादसा इतना भयानक था कि हाजरा खातून और उनकी बेटी सफीना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, परिवार के दो सदस्य आफताब आलम और तारिक अनवर और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लोगों को तुरंत इलाज के लिए बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल लोगों को सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, हाजरा खातून और सफीना को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

जून में होनी थी सफीना की शादी

घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि सफीना की अगले महीने जून में शादी होने वाली थी। लेकिन इस हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। घटना के बाद से परिजनों में मातम का माहौल छाया हुआ है। वहीं, इलाके के लोगों में भी शोक में डूबे हुए हैं।

ये भी पढ़ें- बकरे की कुर्बानी के लिए हथियार उठाते ही शख्स को आया हार्ट अटैक, मौत, पिछले साल पत्नी ने तोड़ा था दम