उमेश यादव, सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत सहोदरा बाई राय वार्ड में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे महिला की मौत हो गई। मृत महिला का नाम आरती तिवारी जबकि घायल बच्चे प्रियांश तिवारी (10 वर्ष) और दिव्या तिवारी (12 वर्ष) है।
दोनों बच्चों का हालत गंभीर
घटना के बाद तीनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान महिला आरती तिवारी की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों का गंभीर हालत में इलाज जारी है।
पति न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी थे
जानकारी के अनुसार मृतिका के पति सत्यजीत तिवारी न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी थे। उन्होंने भी दो दिन पहले जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। पति की मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में था। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य सत्यजीत तिवारी की अस्थि विसर्जन के लिए बरमान गए हुए थे। इसी दौरान घर में अकेली महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

