चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से हरियाणा के लिए गर्व की खबर सामने आई है। प्रदेश की बेटी सीमा कालीरमन ने महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीमा ने ग्लासगो में खेले गए फाइनल मुकाबले में 58.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और तीसरा स्थान हासिल किया।
CM सैनी ने दी बधाई
सीमा कालीरमन की इस उपलब्धि पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “आपकी इस उपलब्धि पर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश को आप पर गर्व है। आपने अपने प्रदर्शन से हरियाणा और भारत का गौरव बढ़ाया है।”
3 साल के बेटे की मां, साथ ही कर रहीं PhD
सीमा कालीरमन की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वह 3 साल के बेटे की मां हैं और खेल के साथ-साथ शारीरिक शिक्षा (Physical Education) में PhD भी कर रही हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों और पढ़ाई के बीच उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर कई खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा पेश की है।
भारत के खाते में अब 17 पदक
सीमा कालीरमन के कांस्य पदक के साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 17 हो गई है। सीमा की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


