Lifestyle Desk – मां का जीवन परिवार की देखभाल में बीतता है, लेकिन अक्सर इस दौरान वह अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती है. खासतौर पर 35-40 की उम्र के बाद शरीर में कई बदलाव शुरू हो जाते हैं. हार्मोनल असंतुलन, हड्डियों का कमजोर होना और मेटाबॉलिज्म का धीमा पड़ना. ऐसे में थकान और कमजोरी को सामान्य मान लेना सही नहीं है. इस साल मदर्स डे जो की मई को मनाया जाएगा इस दिन आप अपनी मां को स्वस्थ और फिट रखने के लिए उनके लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव करना बतायें, ताकि इस उम्र में भी आकर वो स्वस्थ रहें.

संतुलित आहार
सबसे पहले बात आती है संतुलित आहार की. बढ़ती उम्र में शरीर को कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और विटामिन D की अधिक जरूरत होती है. दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां और सूखे मेवे रोजाना के भोजन में शामिल करने चाहिए. इसके अलावा, दालें और प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं. साथ ही, ज्यादा तला-भुना और प्रोसेस्ड फूड कम करना जरूरी है.
व्यायाम भी है जरूरी
दूसरा महत्वपूर्ण पहलू है नियमित व्यायाम. रोजाना कम से कम 30 मिनट की वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज न केवल वजन नियंत्रित रखती है बल्कि हड्डियों और दिल की सेहत भी सुधारती है. योग और प्राणायाम तनाव कम करने में भी बेहद असरदार हैं, जो महिलाओं में हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं.
नींद भी लें पर्याप्त
तीसरी अहम बात जो ध्यान रखने की है वो है पर्याप्त नींद. कई महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के चलते अपनी नींद पूरी नहीं कर पातीं, जिसका सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ता है. रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद शरीर को रिपेयर करने और ऊर्जा बनाए रखने के लिए जरूरी है.
मानसिक स्वास्थ का रखें ख्याल
मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. उम्र बढ़ने के साथ तनाव, अकेलापन और चिंता जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. ऐसे में परिवार के साथ समय बिताना, अपनी पसंद के काम करना या कोई नया शौक अपनाना मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद करता है.
नियमित हेल्थ चेकअप करवायें
इसके अलावा, नियमित हेल्थ चेकअप को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, बोन डेंसिटी और हार्मोनल जांच समय-समय पर करवाना जरूरी है ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते पता चल सके.
पानी की लें पर्याप्त मात्रा
पानी पीने की आदत भी बेहद महत्वपूर्ण है. शरीर को हाइड्रेटेड रखने से स्किन हेल्दी रहती है और शरीर के टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं. दिनभर में कम से कम 7-8 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

