सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा मोटर्स के समीप बाइक पर लिफ्ट देना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान पर बन आई। लिफ्ट लेने वाले एक शातिर युवक ने मामूली विवाद को लेकर बाइक चालक पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के शरीर पर पांच जगह गंभीर जख्म के निशान हैं। गनीमत रही कि मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को धर दबोचा।
मां के लिए खाना लेकर आ रहा था पीड़ित
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के कलवारी मझरिया गांव निवासी प्रेम महतो के 30 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान घोड़ासहन प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले अरुण कुमार उर्फ अर्जुन के रूप में की गई है।
अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से कराह रहे घायल अरुण ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसकी मां मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में इलाजरत हैं। वह अपने घर से मां के लिए टिफिन में खाना लेकर अस्पताल आ रहा था। इसी दौरान नरकटिया बाजार से थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर आरोपी युवक ने हाथ देकर उससे लिफ्ट मांगी। अरुण ने इंसानियत और मानवता का परिचय देते हुए उसे अपनी बाइक पर पीछे बैठा लिया। रास्ते में दोनों ने एक दुकान पर रुककर गुटखा भी खरीदा और खाया, तब तक सब कुछ सामान्य लग रहा था।
गंदा मजाक बना खूनी संघर्ष की वजह
सफर के दौरान आगे बढ़ने पर आरोपी अर्जुन ने कथित तौर पर अरुण की पत्नी को लेकर अमर्यादित और भद्दे मजाक करने शुरू कर दिए। अरुण ने जब इस बात का विरोध किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी अर्जुन ने अपनी जेब से एक कैंची निकाली और बाइक चला रहे अरुण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोपी ने अरुण के शरीर पर पांच अलग-अलग जगहों पर कैंची से गंभीर वार किए। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से घबराकर अरुण बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो गई। बीच सड़क पर हो रहे इस खूनी संघर्ष को देखकर आसपास के राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। तुरंत ही किसी ने इसकी सूचना पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ को दे दी।
पुलिस की तुरंत कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान अवस्था में पड़े अरुण कुमार को तुरंत मोतिहारी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उसके शरीर पर पांच गंभीर घाव हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दूसरी ओर, मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन को मौके से ही हिरासत में ले लिया और उसे नगर थाने ले आई, जहां उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने मीडिया को जानकारी दी कि दो युवकों के बीच आपसी विवाद और छींटाकशी के कारण एक ने दूसरे पर कैंची से हमला कर दिया है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

