सोहराब आलम, मोतिहारी। सुगौली प्रखंड के सुकुल पाकड़ लालपरसा धूमनी टोला में रिंग बांध की मरम्मत एवं निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भूमि दान करने वाले 20 भूमि दाताओं को सम्मानित किया गया। सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने भूमि दाताओं को फूल-माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर खुशी जताई

इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भूमि दाताओं के सहयोग से ही यह महत्वपूर्ण परियोजना समय पर पूरी हो सकी, जिससे क्षेत्र के कई गांवों को बाढ़ के खतरे से राहत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में बीडीओ नूतन किरण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर खुशी जताई और कहा कि रिंग बांध बनने से हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

राजकीय डिग्री महाविद्यालय का किया उद्घाटन

भूमि दाताओं को सम्मानित करने के बाद सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक राजेश कुमार ने सुकुल पाकड़ पंचायत में बने राजकीय डिग्री महाविद्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। फिलहाल कॉलेज का संचालन उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुकुल पाकड़ चिलझपटी के अस्थायी परिसर से होगा। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

स्थायी भवन व सौंदर्यीकरण के लिए 15 करोड़ की स्वीकृति

कार्यक्रम में सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि, सरकार की नई व्यवस्था के तहत नए भवन बनने तक आधुनिक स्कूल भवनों में डिग्री कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि धनही शिवालय परिसर में कॉलेज का स्थायी भवन बनाया जाएगा और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं विधायक बबलू गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही क्षेत्र की मांग पूरी हो गई है। अब स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। कार्यक्रम में बीडीओ नूतन किरण, प्राचार्य और कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- जलालपुर पहुंचे नीतीश कुमार का हुआ भव्य स्वागत, लोक कवि पंडित महेंद्र मिश्र को अर्पित की श्रद्धांजलि