सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले से शिक्षक और छात्रा के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जिसने पूरी शिक्षा व्यवस्था पर ही गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। वहीं, परिजन अब इस बात को सोचने पर मजबूर हो गए हैं कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई करने के लिए स्कूल भेजे या नहीं? दरअसल पूरा मामला लखौरा थाना क्षेत्र स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बहुआरा का है, जहां पर स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं ने कथित तौर पर एक शिक्षक पर गंदी बात करने और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मुस्लिम शिक्षक पर लगा गंभीर आरोप
इस घटना को लेकर अभिभावकों और इलाके के लोगों में काफी नाराजगी है। मिली जानकारी के अनुसार छात्राओं ने स्कूल के एक मुस्लिम शिक्षक पर काफी संगीन आरोप लगाए हैं। आरोप है कि शिक्षक छात्राओं के साथ गंदी-गंदी बाते करता था, जिसे लेकर छात्राएं मानसिक तनाव में रहती थी। शिक्षक छात्राओं से उनके अंडर गारमेंट के रंग के बारे में पूछता था। शिक्षक के इस करतूत की वजह से छात्राएं स्कूल आने से भी डरती थीं और काफी मानसिक तनाव में भी रहती थी। इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ, जब छात्राओं ने हिम्मत जुटाते हुए शिक्षक के इस शर्मनाक करतूत के बारे में अपने परिजनों को जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी शिक्षक को किया गिरफ्तार
छात्राओं से इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। बड़ी संख्या में आक्रोशित परिजन विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ जमकर हंगामा करने लगे। स्कूल परिसर में काफी देर तक हंगामा जारी रहा। वहीं, इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची लखौरा थाने की पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने छात्राओं का बयान भी लिया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिश्नोई गैंग ने पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे से मांगी 50 लाख की रंगदारी


