सोहराब आलम/पूर्वी चंपारण/मोतिहारी। जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के कोबेया स्थित HP गैस प्लांट के सामने सड़क पर बंधी एक रस्सी एक बाइक सवार युवक की जान की दुश्मन बन गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

​क्या है पूरा मामला?

​मृतक युवक की पहचान हरसिद्धि बाजार निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे कोबेया स्थित HP गैस प्लांट के समीप पहुंचे सड़क के आर-पार बंधी एक रस्सी उन्हें दिखाई नहीं दी। तेज रफ्तार बाइक अचानक रस्सी से टकरा गई, जिससे रस्सी सीधे युवक की गर्दन में जा फंसी। गर्दन में रस्सी के फंदे से झटके के साथ युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरा।

​अत्यधिक रक्तस्राव से गई जान

​हादसा इतना भीषण था कि गिरने के तुरंत बाद युवक के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। स्थानीय लोगों ने जब तक मदद पहुंचाने की कोशिश की तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं। घटना की सूचना पाकर हरसिद्धि थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में HP गैस प्लांट के मैनेजर रंजन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

​आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन

​घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गैस प्लांट के मुख्य द्वार पर जमकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। भीड़ प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

​‌प्रबंधन ने दिया आश्वासन

​काफी मान-मनौव्वल के बाद प्लांट प्रबंधन ने पीड़ित परिवार की व्यथा को समझते हुए उन्हें आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। साथ ही, प्रबंधन ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का भी आश्वासन दिया है, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सड़क पर रस्सी किसने और किस उद्देश्य से बांधी थी। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।