बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गिरि टोला सरेह के एक आम के बगीचे में शुक्रवार की सुबह एक युवक और युवती का शव पेड़ से फंदे से लटका हुआ मिला। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय भोला बैठा (पिता- जोगेंद्र बैठा) और सफीना खातून के रूप में हुई है। दोनों अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखते थे और पहले से ही शादीशुदा थे, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
दिन के उजाले में अचानक गायब हुए दोनों
मृतक भोला के पिता जोगेंद्र बैठा के अनुसार, भोला गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उनके साथ ही खाना खाकर घर से निकला था। इसके बाद पिता खेत में ट्रैक्टर चलाने चले गए और भोला अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर कहीं चला गया। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो घर की बहुओं ने चिंता जताते हुए जोगेंद्र बैठा को फोन किया और बताया कि भोला बिना मोबाइल के ही लापता है। इसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दो बच्चों की मां थी सफीना खातून
समीना खातून के दूसरे पति मोहम्मद सनाउल्लाह ने बताया कि सफीना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे भोला के साथ घर से चली गई थी। वह भी अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थी। परिवार वालों ने रातभर दोनों की तलाश की और भोला के पिता के साथ मिलकर हरसंभव जगहों पर उन्हें ढूंढा। जब वे शुक्रवार सुबह थाने में आवेदन देने जा रहे थे, तभी उन्हें बगीचे में दोनों के शव मिलने की मनहूस खबर मिली। मृतका सफीना के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं, जो पढ़ाई करते हैं।
ऑनर किलिंग या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
शुक्रवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण खेत की तरफ गए, तो उन्होंने पेड़ से लटके दोनों शवों को देखा और तुरंत हरसिद्धि थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से नीचे उतारा। डीएसपी कुमारी प्रियंका ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि ग्रामीणों के बीच इसे ऑनर किलिंग और हत्या कर शव लटकाए जाने की चर्चा भी जोर-शोर से चल रही है। पुलिस ने एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



