सोहराब आलम, मोतिहारी। आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ चैटिंग और वीडियो देखने का जरिया नहीं रहा, बल्कि यह कई लोगों के लिए प्यार की शुरुआत भी बन चुका है। बिहार के मोतिहारी से एक ऐसा ही अनोखा मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत मंदिर में शादी के साथ हुआ। मोतिहारी के हिंदरी बाजार की रहने वाली आरती कुमारी और छतौनी के रहने वाले देवा दास की लव स्टोरी इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों की यह प्रेम कहानी आज से दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे परवान चढ़कर एक मुकाम पर पहुंच गई।
चोरी-छिपे मिलना और घर से भागना
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत कब प्यार में बदल गई, इसका पता दोनों को ही नहीं चला। इसके बाद प्रेमी जोड़े का चोरी-छिपे मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हो गया। जैसे ही परिवार के लोगों को इस रिश्ते की भनक लगी, उन्होंने पहरेदारी तेज कर दी। परिजनों के सख्त पहरे से परेशान होकर दोनों ने घर से भागकर इधर-उधर रहने का फैसला किया। इस दौरान मामला तब और गरमा गया जब लड़के की कथित तौर पर पिटाई भी की गई और यह बात पुलिस तक जा पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और लड़की को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

मोहल्लेवालों ने की पहल और मंदिर में रचाई शादी
पुलिस की समझाइश के बाद भी आरती और देवा का छुप-छुपकर मिलना-जुलना बंद नहीं हुआ। लगातार हो रही इन मुलाकातों से मोहल्ले के लोग काफी परेशान हो गए और उन्हें यह सब रास नहीं आया। स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों को जब इस बात की जानकारी बार-बार मिलने लगी, तो उन्होंने समाज में गलत संदेश जाने से रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया। मोहल्लेवालों ने दोनों के परिवारों को मौके पर बुलाया और आपसी सहमति से मंदिर में ही ‘चट मंगनी पट ब्याह’ जैसा फैसला ले लिया।
समाज की पहल से खुश दिखा नया जोड़ा
मोहल्ले के लोगों ने खुद आगे बढ़कर शादी की तैयारियां कीं। माला मंगवाई गई, पंडित जी को बुलाया गया और पूरी हिंदू रीति-रिवाज के साथ देवा दास ने आरती कुमारी की मांग में सिंदूर डाला। इस अनोखी शादी को लेकर स्थानीय समाजसेवी संजीत कुमार ने बताया कि इस तरह की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जा रहा था, इसलिए सभी ने मिलकर इनकी शादी करा दी ताकि भविष्य में इस तरह की बातें न दोहराई जाएं। वहीं, दुल्हन बनी आरती कुमारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे दोनों पिछले दो साल से एक-दूसरे को जानते थे और अब परिवार की रजामंदी व मंदिर में हुई इस शादी से बेहद खुश हैं।

