सोहराब आलम, कोटवा, मोतिहारी। विजयादशमी के अवसर पर मोतिहारी के कोटवा में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन को देखने के लिए स्थानीय एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरा माहौल ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा और हर तरफ उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
राम-रावण सेना के बीच हुआ भीषण युद्ध
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मैदान में स्थापित किया गया 70 फीट ऊंचा भव्य रावण का पुतला था। पुतला दहन से पूर्व भगवान श्री राम और लंकापति रावण की सेनाओं के बीच प्रतीक स्वरूप भयंकर और जीवंत युद्ध का मंचन किया गया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस भव्य युद्ध दृश्य ने मैदान में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में धर्म की स्थापना करते हुए प्रभु श्री राम ने तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया।

विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य रावण दहन कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु सिंह उर्फ गोपू सिंह द्वारा किया गया था। इस अवसर पर क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य अतिथियों में स्थानीय विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह तथा मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह को विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार हमें असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का मार्ग दिखाता है।

