सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले के अरेराज प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जनेरवा में मध्याह्न भोजन (MDM) योजना में बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां स्कूली बच्चों को परोसे गए अंडों में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। घटना शुक्रवार की है, जब बच्चों ने खाने में कीड़े देखे और भोजन करने से साफ इनकार कर दिया।
अभिभावकों का हंगामा और प्रशासन की दबिश
बच्चों द्वारा सूचना दिए जाने पर बड़ी संख्या में अभिभावक और जनप्रतिनिधि स्कूल पहुंच गए। मामला बढ़ता देख प्रधानाध्यापक (HM) ने आनन-फानन में एनजीओ को बुलाकर खाना वापस करा दिया। नगर पंचायत मुख्य पार्षद रनटू पांडेय की सूचना पर एसडीओ अंजली शर्मा और बीडीओ आदित्य दीक्षित ने विद्यालय पहुंचकर सघन जांच की। जांच के दौरान बच्चों और रसोइयों ने पोल खोलते हुए बताया कि खाने में अक्सर कीड़े मिलते हैं, लेकिन शिकायत पर एचएम मौन रहते हैं।
कागजों पर ‘पेट’ भर रहे थे बच्चे
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा वित्तीय अनियमितता को लेकर हुआ। भौतिक सत्यापन में पाया गया कि जिस दिन एक भी बच्चे ने खाना नहीं खाया, उस दिन भी रजिस्टर में 204 बच्चों की उपस्थिति दर्ज कर एमडीएम रिपोर्ट तैयार कर ली गई थी। हर कक्षा में वास्तविक संख्या से 10 से 20 अधिक बच्चों की फर्जी हाजिरी बनाई गई थी।
दोषियों पर गिरेगी गाज
एसडीओ ने पाया कि स्कूल में ‘चखना पंजी’ गायब थी और एचएम आनन-फानन में अधूरे कागजात भर रहे थे। विदित हो कि यहां ‘सुभारती जनकल्याण समिति’ नामक एनजीओ भोजन आपूर्ति करती है। एसडीओ अंजली शर्मा ने इसे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए बीडीओ को एनजीओ और एचएम के खिलाफ विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

