सोहराब आलम/मोतिहारी। राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पिपराकोठी में आयोजित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत एक भव्य प्राकृतिक खेती सम्मेलन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सह स्थानीय सांसद राधामोहन सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों ने प्राकृतिक खेती को अपनाने का संकल्प लिया।

​वैश्विक संकट और आत्मनिर्भरता का मंत्र

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने वैश्विक युद्ध के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण पूरी दुनिया में ईंधन और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी उछाल आया है जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के कुशल प्रबंधन के कारण अन्य देशों की तुलना में भारत में महंगाई का असर काफी कम रहा है।
​सांसद ने वैश्विक स्तर पर बढ़ते उर्वरक संकट का हवाला देते हुए किसानों को भविष्य की राह दिखाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाकर अब किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर रुख करना ही होगा, ताकि खेती को टिकाऊ बनाया जा सके।

​अपराध और अपराधियों को खुली चेतावनी

​बिहार में कानून-व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए राधामोहन सिंह ने अपराधियों को सीधे ललकारा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यह सम्राट की सरकार है जहां अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधी या तो बिहार छोड़ दें या अपराध का रास्ता त्याग दें अन्यथा उन्हें अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।

​पर्यावरण संरक्षण का आह्वान

​बिहार सरकार के पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने पर्यावरण संतुलन पर विशेष बल दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और प्राकृतिक खेती आज की दो सबसे बड़ी आवश्यकताएं हैं। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे जैविक पद्धति को अपने जीवन और खेत का अभिन्न हिस्सा बनाएं ताकि मिट्टी की उर्वरता बची रहे और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण मिल सके।
​यह कार्यक्रम न केवल कृषि क्षेत्र में नई तकनीक के महत्व को समझाने वाला रहा बल्कि इसने विकास और सुरक्षा के प्रति सरकार के कड़े इरादों को भी स्पष्ट कर दिया।