सोहराब आलम/ मोतिहारी। जिले से एक वारदात सामने आई है। यहां एकतरफा प्यार में पागल एक सनकी आशिक ने अपनी पूर्व प्रेमिका (जिसने हमेशा उसके प्रस्ताव को ठुकराया) की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चीखते हुए कहा, जब तुम मेरी नहीं हो सकीं, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा। यह सनसनीखेज घटना बीजधारी थाना क्षेत्र के बथना पाण्डेय टोला की है। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी मदन मुखिया की 20 वर्षीय पुत्री सपना कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज 18 दिन पहले ही हुई थी।
शादी के मंडप पर गोली मारने की दी थी धमकी
स्थानीय सूत्रों और परिजनों के अनुसार, गांव का ही जगदीश नामक युवक सपना से एकतरफा प्यार करता था। सपना द्वारा बार-बार इनकार करने के बावजूद वह लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था। जब सपना की शादी कहीं और तय हो गई, तो आरोपी ने धमकी दी थी कि वह जयमाल के स्टेज पर चढ़कर उसे गोली मार देगा। डर के मारे वह कुछ समय के लिए बाहर चला गया था, लेकिन शादी वाले दिन ही वापस लौट आया। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता के कारण वह शादी में किसी अनहोनी को अंजाम नहीं दे पाया और 28 अप्रैल को सपना की शादी धूमधाम से संपन्न हो गई।
मैके लौटते ही खेत में घेरा, गमछे से घोंटा गला
मृतका की भाभी मुन्नी देवी ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद सपना पहली बार तीन दिन पहले अपने मैके आई थी। घटना के दिन वह अपनी भाभी और दो ननदों के साथ सुबह शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे जगदीश ने अचानक सपना पर हमला कर दिया और अपने गमछे से उसका गला दबाने लगा। मृतका की भाभी और ननदों ने उसे बचाने का काफी विरोध किया और शोर मचाया, लेकिन आरोपी ने सपना को तब तक नहीं छोड़ा जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। हत्या के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
आरोपी की मां हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बीजधारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। बीजधारी थाना अध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगदीश कुमार की मां बबीता देवी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

